यूरोप की ओर जा रही नाव पलटी, 15 प्रवासियों की मौत, लीबिया तट पर मचा हाहाकार

Migrant boat sank: लीबियाई तट के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। एक प्रवासी नौका के पलटने से 15 लोगों की जान चली गई। सभी मृतक मिस्र के नागरिक थे। हादसे की असल वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो..
यूरोप की ओर जा रही नाव पलटी, 15 प्रवासियों की मौत, लीबिया तट पर मचा हाहाकार
यूरोप की ओर जा रही नाव पलटी, फोटो (सो.सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Boat capsizes off Libyan coast: शुक्रवार को लीबिया के तट के पास एक प्रवासी नौका डूब गई, जिसमें कम से कम 15 मिस्री नागरिकों की मौत हो गई। इस हादसे की जानकारी लीबियाई अधिकारियों ने दी है। तटरक्षक बल के सामान्य प्रशासन के मीडिया प्रवक्ता मारवान अल-शाएरी के मुताबिक, यह नाव यूरोप की ओर जा रही थी और उसमें बड़ी संख्या में लोग सवार थे। यह दुर्घटना पूर्वी लीबिया के तोब्रुक शहर के समीप रात करीब दो बजे हुई। अल-शाएरी ने यह भी पुष्टि की कि मृतक सभी मिस्र के नागरिक थे।

दो सूडानी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीसरे सदस्य का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने 'एसोसिएटेड प्रेस' को बताया कि समुद्र की स्थिति नौकायन के लिए अनुकूल नहीं थी, हालांकि नाव के पलटने के कारणों की जानकारी वे नहीं दे सके। यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग लापता हैं। प्रवासी गतिविधियों पर निगरानी रखने वाले स्थानीय सहायता संगठन 'अबरीन' ने शुक्रवार दोपहर को फेसबुक पोस्ट में जानकारी दी कि इस हादसे में 10 लोग जीवित बच गए हैं।

हादसे में एक व्यक्ति की मौत

लीबियाई अधिकारियों के अनुसार, पिछले महीने लीबिया के तट के पास एक प्रवासी नौका इंजन फेल होने के कारण पलट गई। इस नाव में 32 लोग सवार थे, जो यूरोप की ओर जा रहे थे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 22 लोग लापता बताए गए हैं। तोब्रुक स्थित तटरक्षक बल ने बताया कि नौ यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। नाव में मिस्र और सीरिया के प्रवासी शामिल थे।

अफ्रीका और मध्य पूर्व में जारी युद्ध और गरीबी से परेशान होकर पलायन कर रहे प्रवासियों के लिए लीबिया एक अहम रास्ता बन चुका है। देश के तटीय इलाकों के पास नाव दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। दिसंबर महीने में लीबिया के पश्चिमी तट पर बसे ज़ुवारा शहर के नजदीक एक दर्दनाक हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 61 की डूबने से मौत हो गई।

भूमध्यसागर मार्ग पर अब तक इतनी मौतें

एक अंतरराष्ट्रीय संगठन ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक मध्य भूमध्यसागर मार्ग पर 531 प्रवासियों की मौत हो चुकी है, जबकि 754 लोग लापता बताए गए हैं। संगठन के अनुसार, पिछले साल यानी 2024 में लीबिया के तट के पास 962 प्रवासी मारे गए थे और 1,563 लापता हुए थे। साल 2023 में लगभग 17,200 अवैध प्रवासियों को रोककर उन्हें लीबिया वापस भेज दिया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com