Gurpatwant Singh Pannun Plot US Court: खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े मामले में अमेरिकी अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को इस साजिश में शामिल होने के आरोप में न्यूयॉर्क की संघीय अदालत ने 235 महीने यानी करीब 19 साल 7 महीने की जेल की सजा सुनाई है। मामले में फैसला जज विक्टर मैरेरो ने सुनाया।
55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की कोशिश से जुड़े आरोपों को स्वीकार कर लिया था। उसने भाड़े पर हत्या, हत्या की साजिश और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश के आरोपों में अपना जुर्म कबूल किया था। न्यूयॉर्क के सदर्न डिस्ट्रिक्ट की संघीय अदालत के जज विक्टर मैरेरो ने करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद गुप्ता को 235 महीने की जेल की सजा सुनाई।
सजा सुनाए जाने के दौरान गुप्ता ने गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश में अपनी भूमिका को लेकर पछतावा जाहिर किया। वहीं, पन्नू ने अपने बयान में कहा कि जान को खतरा होने के बाद से वह 1,200 दिनों से ज्यादा समय से अपनी नियमित कानूनी प्रैक्टिस नहीं कर पा रहा है।
सुनवाई से पहले पन्नू के समर्थक न्यूयॉर्क स्थित कोर्ट परिसर के बाहर जमा हुए। प्रदर्शनकारियों ने गुप्ता और अन्य लोगों के पुतले लेकर अपना विरोध जताया। भारत सरकार ने इस मामले में किसी भी सरकारी अधिकारी की संलिप्तता से इनकार किया है।
अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, भारत सरकार के तत्कालीन कर्मचारी विकास यादव ने मई 2023 में निखिल गुप्ता को पन्नू की हत्या के लिए सुपारी किलर तलाशने का काम सौंपा था। अभियोग में दावा किया गया कि यादव भारत के कैबिनेट सचिवालय में कार्यरत था, जिसके अंतर्गत देश की विदेशी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) भी आती है।
अभियोजकों का आरोप है कि यादव के निर्देश पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा समझता था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का गोपनीय मुखबिर था। इसी मुखबिर ने आगे गुप्ता की मुलाकात एक कथित हत्यारे से कराई, जो वास्तव में DEA का अंडरकवर अधिकारी था।
अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, यादव ने हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने की पेशकश की थी। इसमें से 15 हजार डॉलर एडवांस के तौर पर न्यूयॉर्क में दिए गए थे। आरोप है कि गुप्ता ने पन्नू का पता, फोन नंबर, उसकी दिनचर्या और निगरानी के दौरान ली गई तस्वीरें भी उपलब्ध कराई थीं।
निखिल गुप्ता को 30 जून 2023 को चेक रिपब्लिक की राजधानी प्राग में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद जून 2024 में उसे अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया। वहीं, विकास यादव अभी भी अमेरिकी हिरासत से बाहर है।
नवंबर 2023 में अमेरिका की ओर से आरोप सार्वजनिक किए जाने के बाद भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक भारतीय अधिकारी के कथित तौर पर इस साजिश से जुड़े होने को गंभीर चिंता का विषय बताया था। मंत्रालय ने कहा था कि इस तरह की गतिविधियां सरकारी नीति के खिलाफ हैं। मामले की जांच के लिए एक जांच समिति भी गठित की गई थी।