

मणिपुर के चंदेल जिले में संदिग्ध मिलावटी शराब पीने से कम से कम 15 लोगों की मौत की खबर।
शिजा और बाबिना अस्पतालों में 255 से अधिक मरीज भर्ती होने की जानकारी।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने अस्पतालों का दौरा किया और जांच के आदेश दिए।
Manipur Liquor Tragedy Death Toll: मणिपुर के चंदेल जिले में मिलावटी शराब पीने से कम से कम 15 लोगों की मौत होने की खबर है। वहीं, कई अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुक्रवार को सूत्रों ने यह जानकारी दी। हालांकि, मौतों की असली वजह की अभी मेडिकल और वैज्ञानिक जांच से पुष्टि नहीं हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों में ज्यादातर किसान हैं, जो चकपिकारोंग और चंदेल सबडिवीजन के गांवों के रहने वाले हैं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, इंफाल के बाहरी इलाके में स्थित शिजा अस्पताल में 200 से अधिक और साजीवा के बाबिना अस्पताल में 55 लोगों को भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को दोनों अस्पतालों का दौरा किया और इलाज करा रहे लोगों का हाल जाना। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि शिजा अस्पताल में 140 से अधिक और बाबिना अस्पताल में 41 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले 48 घंटों में 11 लोगों की मौत हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मरीजों की डॉक्टरों की निगरानी में जांच और इलाज किया जा रहा है। उन्होंने अस्पतालों को मरीजों को बेहतर इलाज और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा, चंदेल जिले में इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जनरल मेडिसिन के विशेषज्ञ की अगुवाई में एक मेडिकल टीम और जरूरी दवाइयां भेजी गई हैं।
घटना के बाद मणिपुर के चंदेल, इंफाल वेस्ट और काकचिंग जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है। लोगों से स्थानीय स्तर पर बनाई जाने वाली शराब का सेवन नहीं करने की अपील की गई है। खासतौर पर प्रभावित इलाकों से आने वाली शराब से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने कहा है कि शराब पीने के बाद उल्टी, पेट में दर्द, सिरदर्द, चक्कर आना, धुंधला दिखाई देना, सांस लेने में परेशानी या कोई अन्य असामान्य लक्षण महसूस होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें।
प्रशासन ने लोगों से मिलावटी शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री या वितरण की जानकारी नजदीकी पुलिस स्टेशन या संबंधित अधिकारियों को देने को कहा है। संदिग्ध शराब का सेवन, बिक्री या वितरण न करें। अधिकारियों को सूचना दिए बिना उसे किसी दूसरे व्यक्ति को न दें और न ही नष्ट करें।