

उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने पर इमरजेंसी पैराशूट खोला गया।
पैराशूट से लटकता विमान घनी आबादी वाले इलाके में नीचे आया।
विमान खड़ी कारों और घरों के बेहद करीब दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
US Plane Crash Video: अमेरिका में एक प्लेन क्रैश का डरावना वीडियो सामने आया है, जिसमें इमरजेंसी पैराशूट की मदद से नीचे उतरता विमान घनी आबादी वाले इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आने के बाद विमान में लगा इमरजेंसी पैराशूट सिस्टम खोल दिया गया। इसके बावजूद प्लेन तेजी से नीचे आया और खड़ी गाड़ियों और झाड़ियों के बेहद करीब जाकर गिरा।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और चीख-पुकार मच गई। वीडियो में लोग घबराकर इमरजेंसी नंबर पर फोन करने की अपील करते सुनाई दे रहे हैं। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि अमेरिका में उड़ान भर रहा एक छोटा विमान काफी ऊंचाई पर था, तभी अचानक उसमें तकनीकी समस्या आ गई। खतरे को देखते हुए पायलट ने विमान का इमरजेंसी पैराशूट सिस्टम एक्टिव कर दिया। वीडियो में शुरुआत में ही लाल और सफेद रंग का पैराशूट खुला नजर आता है, जिसके सहारे विमान हवा में लटकते हुए धीरे-धीरे नीचे आ रहा था।
इस तरह के पैराशूट सिस्टम का इस्तेमाल इंजन फेल होने या किसी गंभीर तकनीकी समस्या के दौरान विमान को सुरक्षित जमीन तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। हालांकि, इस घटना में नीचे घनी आबादी और आसपास खड़ी गाड़ियों की मौजूदगी ने स्थिति को काफी जोखिम भरा बना दिया।
जैसे-जैसे विमान जमीन की ओर बढ़ा, आसपास मौजूद लोगों की घबराहट बढ़ती गई। वीडियो में पार्किंग की जगह पर कई कारें और पिकअप ट्रक एक कतार में खड़े दिखाई देते हैं। पैराशूट से लटकता विमान इन गाड़ियों और आसपास की इमारतों के बेहद नजदीक से नीचे उतरता नजर आता है।
कुछ पल के लिए ऐसा लग रहा था कि विमान सीधे किसी कार या घर से टकरा सकता है। पैराशूट की रस्सियों और हवा के झोंकों के बीच विमान का संतुलन भी बिगड़ता दिखाई दिया। इस खतरनाक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और हादसे की आशंका से चीखने-चिल्लाने लगे।