मैक्सिको: न्यू मैक्सिको के रुइदोसो इलाके में भारी बारिश के बाद आई विनाशकारी बाढ़ ने तबाही मचा दी है। फ्लैश फ्लड इतनी जबरदस्त थी कि अपने रास्ते में आने वाले दर्जनों घरों और दुकानों को समेट ले गई। सोशल मीडिया पर एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें पानी के तेज बहाव में मकान बहते और दुकानें तैरती नजर आ रही हैं। इस भयावह मंजर को देखकर किसी का भी दिल दहल उठेगा। रुइदोसो में आई इस आपदा ने लोगों में दहशत फैला दी है और हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।
बाढ़ की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रुइदोसो के पहाड़ी इलाके में मूसलाधार मॉनसून बारिश के चलते रियो रुइदोसो नदी का जलस्तर कुछ ही मिनटों में करीब 20 फीट तक बढ़ गया। अचानक आई इस बाढ़ में घर, दुकानें और अन्य सामान तेज बहाव में तिनकों की तरह बहते नजर आए।
इसी दौरान एक मकान भी नदी की धार में बहते देखा गया, जो एक स्थानीय कलाकार के मित्र का था। हालांकि, परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। राहत एवं बचाव दल की तत्परता से अब तक 85 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
नदी में जलस्तर के अचानक तेज़ी से बढ़ने को खतरे का संकेत माना गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है, "स्थिति बेहद गंभीर है! तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर जाएं!" स्थानीय प्रशासन ने लोगों को तुरंत स्थान खाली करने का निर्देश दिया है। खासकर नदी के आसपास और निचले इलाकों में रहने वालों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द ऊंचाई वाली जगहों पर पहुंच जाएं।
लोगों को राहत प्रदान करने के लिए सैंडबैग वितरित किए जा रहे हैं, जबकि अग्नि केंद्र 2 और व्हाइट माउंटेन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को अस्थायी आश्रय केंद्रों के रूप में तैयार किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे तेज बहाव वाले पानी में वाहन न चलाएं, ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके। गौरतलब है कि यह इलाका पिछले वर्ष South Fork और Salt Fires जैसी जंगल की भीषण आग से बुरी तरह प्रभावित हुआ था, जिससे ज़मीन की जल सोखने की क्षमता घट गई है।