जेनसन हुआंग (सोर्स- सोशल मीडिया)
विदेश

GDP में 485 अरब डॉलर का योगदान, एक लाख लोगों को नौकरियां; अमेरिका के लिए क्यों इतना अहम है Nvidia?

Jensen Huang Return Nvidia: Nvidia बोर्ड ने 11 दिन बाद फैसला पलटते हुए जेनसन हुआंग को फिर CEO बना दिया, जबकि कंपनी 2026 में अमेरिकी GDP में 485 अरब डॉलर योगदान का अनुमान जता रही है।

अक्षय साहू

Highlights:

  • Nvidia के AI इंफ्रास्ट्रक्चर से 2026 में GDP को 485 अरब डॉलर योगदान का अनुमान।

  • कंपनी की गतिविधियों से एक लाख से अधिक नौकरियों को समर्थन मिलने की उम्मीद।

  • Nvidia का मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क अमेरिका के 43 राज्यों तक फैला हुआ है।

  • कंपनी अगले चार वर्षों में 500 अरब डॉलर तक AI इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण की योजना बना रही है।

Nvidia Jensen Huang CEO Reappointment: Nvidia ने जेनसन हुआंग को एक बार फिर कंपनी का CEO नियुक्त कर दिया है। करीब 11 दिन पहले बोर्ड ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए साफ किया था कि उन्हें दोबारा इस पद पर लाने की कोई योजना नहीं है। हालांकि, 23 नवंबर को बोर्ड ने सर्वसम्मति से हुआंग की वापसी को मंजूरी दे दी। 

इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी लगातार हुआंग के समर्थन में बयान देते रहे। अब बोर्ड के अचानक बदले फैसले ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद कंपनी को अपने पूर्व CEO को फिर से जिम्मेदारी सौंपनी पड़ी?

अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए कितनी अहम है Nvidia?

Nvidia अमेरिकी अर्थव्यवस्था में AI क्रांति का बड़ा इंजन बनकर उभरी है। कंपनी के AI चिप्स और डेटा सेंटर तकनीक की बढ़ती मांग से अमेरिका में निर्माण, ऊर्जा, तकनीक और सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा मिल रहा है। Nvidia के अनुमान के मुताबिक, 2026 में उसके AI इंफ्रास्ट्रक्चर से अमेरिकी GDP में करीब 485 अरब डॉलर का योगदान हो सकता है। कंपनी से जुड़ी गतिविधियों के जरिए 1 लाख से अधिक नौकरियों को समर्थन मिलने का अनुमान है।

Nvidia का मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क अमेरिका के 43 राज्यों तक फैला है। कंपनी अपने पार्टनर्स के साथ अगले चार वर्षों में अमेरिका में 500 अरब डॉलर तक के AI इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण की योजना बना रही है। इससे चिप निर्माण, डेटा सेंटर, बिजली, इंजीनियरिंग और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। Nvidia का बढ़ता प्रभाव इसे अमेरिकी अर्थव्यवस्था और AI रणनीति का अहम हिस्सा बनाता है।

अमेरिका और चीन के बीच तेज हुई AI

अमेरिका और चीन के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक को लेकर प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। अमेरिका चाहता है कि एडवांस चिप्स के क्षेत्र में उसकी बढ़त कायम रहे और चीन को ऐसी तकनीक न मिले, जिसका इस्तेमाल सैन्य या रणनीतिक गतिविधियों में किया जा सके। Nvidia इस प्रतिस्पर्धा में एक प्रमुख भूमिका निभा रही है।

ऐसे में कंपनी के संस्थापक और उसकी तकनीकी दिशा तय करने वाले हुआंग को नेतृत्व से हटाना केवल कंपनी का आंतरिक मामला नहीं है, बल्कि इससे अमेरिका की तकनीकी रणनीति भी प्रभावित हो सकती है।

जेनसन हुआंग मामले में कब-कब क्या हुआ?

  • 11–12 नवंबर: जेनसन हुआंग के कथित अफेयर्स और एक महिला के चीनी खुफिया संबंधों को लेकर खुलासे हुए। इसके बाद उन्होंने इस्तीफा दिया, जिसे Nvidia बोर्ड ने स्वीकार कर लिया।

  • 12 नवंबर: Nvidia की CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO नियुक्त किया गया। हार्वे जोन्स को बोर्ड चेयरमैन की जिम्मेदारी दी गई।

  •  15–16 नवंबर: हुआंग की वापसी को लेकर समर्थकों और निवेशकों ने मांग तेज की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुआंग ने भी वापसी की संभावनाओं पर सहयोगियों से चर्चा की।

  • 17 नवंबर: बोर्ड चेयरमैन ने हुआंग की वापसी की संभावना से इनकार किया। कंपनी ने नए CEO की तलाश शुरू की, जबकि हुआंग ने कहा कि बोर्ड कहे तो वह लौटने के लिए तैयार हैं।

  • 20–22 नवंबर: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हुआंग की वापसी का समर्थन किया और उन्हें दूसरा मौका देने की बात कही।

  • 23 नवंबर: Nvidia बोर्ड ने सर्वसम्मति से जेनसन हुआंग को फिर CEO, प्रेसिडेंट और बोर्ड डायरेक्टर नियुक्त कर दिया।

बोर्ड ने 11 दिन में अपना फैसला कैसे बदल लिया?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि 17 नवंबर को जेनसन हुआंग को वापस CEO बनाने से इनकार करने वाला बोर्ड आखिर 23 नवंबर को उनके पक्ष में कैसे हो गया? Nvidia के आधिकारिक बयान के मुताबिक, बोर्ड ने हुआंग के साथ कई चरणों में बातचीत और बैठकें कीं। इन चर्चाओं के बाद बोर्ड को उनके जवाबों में स्पष्टता, ईमानदारी और कंपनी का नेतृत्व करने की क्षमता पर भरोसा हुआ।

कंपनी के बयान में एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। बोर्ड ने निर्णय लेने के दौरान अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी जानकारी और सुझाव लिए। इन चर्चाओं के बाद बोर्ड ने माना कि हुआंग को वापस CEO बनाने से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं होगा।

Nvidia में क्यों हुई हुआंग की वापसी?

बोर्ड के चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि Nvidia का नेतृत्व करने के लिए जेनसन हुआंग सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि हुआंग की वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, बिजनेस पार्टनर्स और ग्राहकों के हित में है। जोन्स ने अंतरिम CEO के तौर पर जिम्मेदारी संभालने वाली कोलेट क्रेस का भी धन्यवाद किया। क्रेस अब फिर से कंपनी की CFO यानी मुख्य वित्तीय अधिकारी की भूमिका निभाएंगी, जबकि हार्वे सी. जोन्स बोर्ड के अध्यक्ष बने रहेंगे।

हुआंग की वापसी के बाद भी जांच जारी रहेगी

CEO पद पर हुआंग की वापसी का मतलब यह नहीं है कि एलिस हुआंग, मेगास्पीड या चीन को चिप्स की सप्लाई से जुड़े मामलों पर चल रही जांच समाप्त हो गई है। अमेरिकी संसद की तीन समितियां जेनसन हुआंग से सवाल पूछने की तैयारी कर रही हैं। 1 दिसंबर को हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी, चीन से संबंधित मामलों की समिति और हाउस इंटेलिजेंस कमेटी के सामने उनकी रिकॉर्डेड बातचीत बंद कमरे में होगी। इससे साफ है कि हुआंग की कंपनी में वापसी के बावजूद चीन को चिप सप्लाई और अन्य संबंधित मुद्दों पर जांच जारी रहेगी। 

क्या राजनीति में आएंगी तृषा कृष्णन? CM विजय के नाम से जुड़ी चर्चा के बीच समर्थकों ने लॉन्च किया नया फोरम

दिल्ली-NCR की हवा को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केवल BS-6 वाहनों की होगी एंट्री; पड़ोसी राज्यों से मांगी रिपोर्ट

Kal Ka Mausam: 24 नवंबर को किन राज्यों में होगी भारी बारिश और कहां सताएगी ठंड? इन राज्यों के लिए IMD का अलर्ट

हिंदू राजा के बेटे ने अपनाया था इस्लाम! लश्कर आतंकी फैसल नदीम ने अपने पूर्वजों को लेकर किया दावा

खुद को बाहुबली समझना बंद करें...बिहार के सेशन जज को सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार, कहा- नीयत सही पर तरीका गलत