बाली में भगवान गणेश की 50 फीट से ज्यादा ऊंची प्रतिमा बनाई गई।
प्रतिमा की ऊंचाई 15.315 मीटर यानी करीब 50 फीट 2 इंच है।
सिंथेटिक रैटन से बनी प्रतिमा को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड मिला है।
इसे दुनिया की सबसे ऊंची सपोर्टेड सिंथेटिक रैटन प्रतिमा माना गया है।
Bali Giant Lord Ganesha Statue: इंडोनेशिया के बाली में भगवान गणेश की एक विशाल प्रतिमा बनाई गई है, जिसने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। 50 फीट से अधिक ऊंची इस प्रतिमा की खासियत यह है कि इसे पत्थर, सीमेंट या धातु से नहीं, बल्कि सिंथेटिक रैटन (कृत्रिम बेंत जैसी सामग्री) से तैयार किया गया है।
मूर्ति की कुल ऊंचाई 15.315 मीटर यानी करीब 50 फीट 2 इंच है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे 'दुनिया की सबसे ऊंची सपोर्टेड सिंथेटिक रैटन प्रतिमा' के रूप में मान्यता दी है। इसे बाली की कंपनी अलास हारुम बाली ने तैयार किया है।
भगवान गणेश की यह मूर्ति इंडोनेशिया के बाली प्रांत के जियान्यार में स्थापित की गई है। इसमें गणेश जी की भव्य आकृति बनाई गई है। हिंदू धर्म में भगवान गणेश को बुद्धि, सफलता, सौभाग्य और शुभ शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
भारत में इंडोनेशिया के दूतावास ने भी इस प्रतिमा की तस्वीरें और जानकारी अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा की हैं। दूतावास के मुताबिक, बाली में इस विशाल प्रतिमा का अनावरण किया गया है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इंडोनेशिया ने भी इस उपलब्धि की पुष्टि की है। हालांकि, यह दुनिया की सबसे ऊंची गणेश प्रतिमा होने का रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि सिंथेटिक रैटन से बनाई गई सबसे ऊंची सपोर्टेड प्रतिमा का रिकॉर्ड है।
इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम आबादी वाला देश है और यहां इस्लाम प्रमुख धर्म है। इसके बावजूद देश की संस्कृति और ऐतिहासिक परंपराओं पर हिंदू और बौद्ध धर्म का व्यापक प्रभाव देखने को मिलता है। खासकर बाली अपनी हिंदू संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। यहां बड़ी संख्या में लोग हिंदू धर्म का पालन करते हैं और हिंदू रीति-रिवाज स्थानीय जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं।
बाली में कई प्रसिद्ध हिंदू मंदिर मौजूद हैं। इनमें पुरा बेसाकिह को 'मदर टेंपल' यानी प्रमुख मंदिर माना जाता है। वहीं, समुद्र किनारे स्थित तनाह लोट मंदिर भी यहां के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है।
बाली में रामायण और महाभारत की कथाओं का सांस्कृतिक महत्व आज भी बना हुआ है। इन महाकाव्यों की कहानियों को पारंपरिक नृत्य और थिएटर के जरिए प्रस्तुत किया जाता है। यहां का प्रसिद्ध केचक डांस रामायण के कई प्रसंगों को जीवंत करता है, जिनमें सीता हरण और रावण के खिलाफ युद्ध जैसे दृश्य प्रमुख हैं। -एजेंसी इनपुट के साथ