मात्र 25 घंटे के लिए भारत आएंगे बालेंद्र शाह, PM मोदी से करेंगे मुलाकात, कई अहम समझौतों की तैयारी

India Nepal Bilateral Relations: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22-23 नवंबर को भारत दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी के साथ व्यापार, ऊर्जा, निवेश, कनेक्टिविटी और द्विपक्षीय सहयोग पर अहम चर्चा होगी।
Nepal PM Balendra Shah India Visit
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • बालेंद्र शाह 22-23 नवंबर को भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे।

  • पीएम मोदी के साथ व्यापार, ऊर्जा और निवेश पर अहम चर्चा होगी।

  • भारत-नेपाल कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं का उद्घाटन संभव है।

  • नेपाल-भारत बिजनेस फोरम के जरिए निवेश बढ़ाने की कोशिश होगी।

Nepal PM Balendra Shah India Visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। विदेश मंत्रालय के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर बालेंद्र शाह भारत आएंगे। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, ऊर्जा, परिवहन और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को लेकर अहम चर्चा होगी। मात्र 25 घंटे की यात्रा में बालेंद्र शाह कई अहम बैठकों में शामिल होंगे। 

जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइंस की फ्लाइट से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिसिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजारंकर समेत कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भारत आएंगे। प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी। उन्होंने 27 मार्च को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। 

पीएम मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता

नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए बताया कि 23 नवंबर को प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक होगी। इस दौरान दोनों नेता आपसी हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। बैठक के बाद दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी नेपाली प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक लंच का आयोजन भी करेंगे।

विदेश सचिव के मुताबिक, यात्रा के दौरान भारत और नेपाल कनेक्टिविटी तथा ऊर्जा सहयोग से संबंधित पूरी हो चुकी कई परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन कर सकते हैं। साथ ही, कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने की भी संभावना है।

Nepal PM Balendra Shah India Visit
दुनिया के किस देश के पास सबसे ज्यादा परमाणु बम? भारत पाकिस्तान में कौन आगे

वार्ता में किन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा?

नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरे पर दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बातचीत में व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे मुद्दे प्रमुखता से शामिल रहेंगे। इसके अलावा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों देश कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान करेंगे।

नेपाल की ओर से भारत आने वाले आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में कुल 34 सदस्य शामिल होंगे। नेपाल के राजदूत और कुछ अन्य प्रतिनिधि नई दिल्ली में इस दल का हिस्सा बनेंगे। वहीं, 52 सदस्यों वाला एक अलग व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी अपने खर्च पर इस यात्रा में शामिल होगा।

नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का आयोजन

भारत दौरे के दौरान ‘नेपाल-भारत बिजनेस फोरम’ भी आयोजित किया जाएगा। इस मंच का मुख्य उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश को बढ़ावा देना और अधिक निवेशकों को आकर्षित करना है। फोरम के जरिए नेपाली प्रतिनिधि भारतीय कारोबारियों से बातचीत करेंगे, उनकी समस्याओं और चिंताओं को समझेंगे तथा नेपाल की निवेश संबंधी नीतियों और पहलुओं को उनके सामने रखेंगे।

Nepal PM Balendra Shah India Visit
Sheikh Hasina Return Bangladesh: मौत की सजा और गिरफ्तारी के खतरे के बावजूद दिसंबर तक बांग्लादेश लौटेंगी हसीना

नई दिल्ली में अपने प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, वह विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री शाह महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट भी जाएंगे। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 23 नवंबर को अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा पूरी करने के बाद काठमांडू लौटेंगे।