बर्लिन में भीड़ को वैन ने रौंदा, फोटो (सो. AP) 
विदेश

बर्लिन में प्राइड परेड के दौरान भीड़ में घुसी बेकाबू वैन, 1 की मौत, 17 घायल; मेयर ने बताया आजादी पर हमला

Berlin Van Attack: जर्मनी के बर्लिन में आयोजित 'क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे प्राइड' इवेंट के दौरान एक वैन भीड़ में घुस गई। इस हादसे में 1 व्यक्ति की मौत हो गई और 17 घायल हैं, जिनमें कई की हालत नाजुक है।

अमन उपाध्याय

Berlin Van Attack LGBTQ+ Event: जर्मनी की राजधानी बर्लिन में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां आयोजित एक LGBTQ+ इवेंट के दौरान एक तेज रफ्तार वैन अचानक भीड़ को रौंदते हुए निकल गई। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और इमरजेंसी सेवाओं ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

टियरगार्टन पार्क में मातम

बर्लिन के प्रसिद्ध टियरगार्टन पार्क में हर साल की तरह इस बार भी 'क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे प्राइड' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यह कार्यक्रम सहनशीलता और शांति के संदेश के लिए जाना जाता है। रविवार तड़के जब भीड़ जुटी हुई थी, तभी एक सफेद रंग की वैन अनियंत्रित होकर लोगों के बीच घुस गई। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

ड्राइवर फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश

हादसे को अंजाम देने के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया है। जर्मन अधिकारियों को घटनास्थल के पास एक सफेद रंग की क्षतिग्रस्त वैन लावारिस हालत में मिली है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

बर्लिन पुलिस के प्रवक्ता फ्लोरियन नाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पुलिस संभावित संदिग्धों की तलाश में गहन अभियान चला रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह घटना जानबूझकर की गई थी या यह महज एक दुर्घटना थी।

कई घायलों की हालत नाजुक

अस्पताल के सूत्रों और पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 17 घायलों में से कई की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि कुछ लोगों को जानलेवा चोटें आई हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने पीड़ितों के परिजनों की सहायता के लिए एक विशेष सूचना केंद्र भी स्थापित किया है ताकि उन्हें तुरंत जानकारी मिल सके।

मेयर ने की कड़ी निंदा

बर्लिन के मेयर काई वेग्नर ने घटनास्थल का दौरा किया और इस हिंसा की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने इसे आजाद और खुले समाज पर हमला' करार दिया है। वेग्नर ने कहा कि बर्लिन आजादी और सहनशीलता का शहर है। एक शांतिपूर्ण सभा पर इस तरह का हमला बेहद डरावना है।

उन्होंने राहत और बचाव कार्य में जुटे इमरजेंसी सर्विस के कर्मियों का आभार व्यक्त किया और भरोसा जताया कि पुलिस जल्द ही दोषियों को पकड़ लेगी। फिलहाल, पूरे बर्लिन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच दल तकनीकी साक्ष्यों को जुटाने में लगा है।

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, चार लोगों की मौत, छह साल के बच्चे को भी लगी गोली

Hindi Diwas 2026: UN में हिंदी में भाषण देने वाले पहले भारतीय नेता कौन थे? जानें ऐतिहासिक पल का सच

2029 से पहले सभी 21 NDA शासित राज्यों में लागू होगा UCC! मुंबई में अमित शाह का बड़ा ऐलान

नशीले पदार्थों पर कसा जाएगा शिकंजा! अमित शाह और CM देवेंद्र फडणवीस की होगी एक दिवसीय अहम बैठक

बंगाल उपचुनाव: TMC ने उम्मीदवारों का किया ऐलान, नंदीग्राम पर किसे बनाया प्रत्याशी?