Bangladesh Fire News In Hindi: बांग्लादेश की राजधानी ढाका से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मीरपुर के रूपनगर इलाके में स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
अग्निशमन सेवा के निदेशक, लेफ्टिनेंट कर्नल (संचालन एवं रखरखाव) मोहम्मद ताजुल इस्लाम चौधरी ने बताया कि राहत कार्य अभी भी चल रहा है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
चौधरी ने बताया कि फैक्ट्री की दूसरी और तीसरी मंजिल से 16 शव बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग की 12 टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं और आग बुझाने कोशिश कर रही है। उन्होने आगे कहा कि, आग कैसे लगी इस बात का खुलासा अभी तक नहीं हो पाई है। कई टीम इसे लेकर जांच कर रही है।
इस घटना को लेकर फायर सर्विस के वरिष्ठ अधिकारी तल्हा बिन जशीम ने बताया कि यह आग फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर दोपहर में भड़की थी, जो कुछ ही समय में फैलकर एक रासायनिक भंडारण कक्ष तक पहुंच गई। यहां ब्लीचिंग पाउडर, प्लास्टिक सामग्री और हाइड्रोजन पेरोक्साइड जैसी ज्वलनशील चीजें मौजूद थीं, जिससे आग ने और भी विकराल रूप ले लिया।
इस भयावह हादसे पर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जांच के आदेश दिए हैं और प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं।
यह भी पढ़ें: इसलिए महान है PM मोदी! मेलोनी के साथ ट्रंप और एर्दोगन ने की ओछी हरकत, लोगों को याद आए ‘मेलोडी’
बांग्लादेश को चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टेक्सटाइल हब माना जाता है। यहां दुनियाभर के कई मंहगें ब्रांड के कपड़े बनाए जाते हैं जिन्हें अमेरिका, यूरोप और अन्य विकसित देशों में निर्यात बहुत अधिक मात्रा में निर्यात किया जाता है। टेक्सटाइल इंडस्ट्री बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और रोजगार के बड़े स्रोत के रूप में काम करती है। इसके चलते यहां हजारों की संख्या में कपड़े का कारखाने है।