AI नेटवर्क बनाने के लिए चीन ने की थी एलिस हुआंग की मदद (AI जनरेटेड इमेज)
विदेश

चीन ने AI नेटवर्क के लिए एलिस हुआंग को दिए थे 2,49,11,50,00,000 रुपए, Nvidia में एंट्री में की थी मदद!

Megaspeed Trade Blacklist Nvidia Chips: कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग के परिवार और सहयोगियों ने चीन में AI डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 270 मिलियन डॉलर के कंप्यूटिंग उपकरणों की व्यवस्था की थी।

अक्षय साहू

Highlights:

  • एलिस हुआंग के परिवार से जुड़े कारोबारी नेटवर्क का खुलासा हुआ।

  • दस्तावेजों में करीब 270 मिलियन डॉलर के 764 AI सर्वर और कंप्यूटिंग मॉड्यूल का जिक्र है।

  • मई से दिसंबर 2024 के बीच पांच लीजिंग समझौतों में 512 सर्वरों की जानकारी सामने आई।

  • इन 512 सर्वरों की घोषित कीमत करीब 200 मिलियन डॉलर बताई गई है।

Alice Huang China AI Data Center: Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को लेकर चर्चा में आई कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। एलिस हुआंग के परिवार और उनसे जुड़े कारोबारी लोगों को चीन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बड़े डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए करोड़ो करोड़ों डॉलर की फाइनेंसिंग जुटाई थी। इसके बदले महंगे कंप्यूटिंग उपकरणों को लीज पर देने और इस्तेमाल करने की व्यवस्था की गई। 

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में ऐसे दस्तावेजों का खुलासा हुआ है, जो पहले सार्वजनिक नहीं हुए थे। रिकॉर्ड में करीब 270 मिलियन डॉलर के 764 AI सर्वर और कंप्यूटिंग मॉड्यूल का जिक्र है। इसके अलावा हजारों ऐसे नेटवर्किंग उपकरणों की जानकारी भी सामने आई है, जिनका इस्तेमाल बड़े AI कंप्यूटिंग नेटवर्क को आपस में जोड़ने के लिए किया जाता है। ज्यादातर उपकरणों को शंघाई के एक डेटा सेंटर से जुड़ा बताया गया है।

शंघाई सरकार के प्रोजेक्ट से जुड़ा मामला

यह डेटा सेंटर Tencent और शंघाई के सोंगजियांग जिला प्रशासन के साथ हुए AI कंप्यूटिंग प्रोजेक्ट से जुड़ा बताया जाता है। हालांकि, Tencent ने इस प्रोजेक्ट के विकास, मालिकाना हक और संचालन में अपनी भूमिका से इनकार किया है।

Nvidia मामले की जांच के बीच खुलासा

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिकी अधिकारी जांच कर रहे हैं कि सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड ने चीन के ग्राहकों तक प्रतिबंधित Nvidia टेक्नोलॉजी पहुंचाने में मदद की थी या नहीं। अमेरिका ने एडवांस्ड AI प्रोसेसर की चीन को सप्लाई पर कई तरह की पाबंदियां लगा रखी हैं। इसके बावजूद चीन में बड़े AI डेटा सेंटर तैयार करने के लिए महंगे कंप्यूटिंग उपकरण जुटाए जा रहे हैं।

सोमवार को अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट ने मेगास्पीड को अपनी ट्रेड ब्लैकलिस्ट में शामिल कर लिया। कंपनी ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है। उसका कहना है कि एलिस हुआंग अगस्त 2025 में ही कंपनी छोड़ चुकी थीं।

पहले मेगास्पीड को नियंत्रित करती थीं एलिस

एलिस हुआंग पहले मेगास्पीड को नियंत्रित करती थीं। यह कंपनी Nvidia प्रोसेसर की बड़ी विदेशी खरीदारों में शामिल रही है। अब सामने आए दस्तावेज बताते हैं कि एलिस के परिवार और उनसे जुड़े कारोबारी लोगों की कंपनियां चीन के AI कारोबार के लिए फाइनेंसिंग और कंप्यूटिंग उपकरणों की व्यवस्था करने में शामिल थीं।

512 सर्वरों के लिए जुटाए 200 मिलियन डॉलर

रॉयटर्स ने चीन की सेंट्रल बैंक क्रेडिट रजिस्ट्री में दर्ज दर्जनों दस्तावेजों की समीक्षा की। इन दस्तावेजों में लोन और दूसरी वित्तीय व्यवस्थाओं के बदले रखे गए कंप्यूटिंग उपकरणों की जानकारी दी गई है।

रिकॉर्ड के मुताबिक, सेंचुरी लिटोंग नाम की कंपनी ने AI कंप्यूटिंग उपकरणों के लिए फाइनेंसिंग जुटाई थी। यह कंपनी बड़े ग्राहकों को शक्तिशाली सर्वर किराए पर देती है। इन सर्वरों का इस्तेमाल उन कंपनियों को कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराने के लिए किया जाता है, जिन्हें AI मॉडल चलाने और विकसित करने के लिए भारी संसाधनों की जरूरत होती है।

चीन के AI डेटा सेंटर्स के लिए करोड़ों डॉलर की फाइनेंसिंग का खुलासा

पांच लीजिंग समझौतों में 512 सर्वरों का जिक्र

मई से दिसंबर 2024 के बीच हुए पांच लीजिंग समझौतों में 512 सर्वरों का जिक्र है। इनकी घोषित कीमत 1.42 बिलियन युआन यानी करीब 200 मिलियन डॉलर बताई गई है। इस व्यवस्था का फायदा यह है कि कंपनियों को महंगे सर्वर खरीदने के लिए पूरी रकम एक साथ खर्च नहीं करनी पड़ती। वे फाइनेंसिंग के जरिए उपकरण हासिल कर सकती हैं और बाद में भुगतान करती हैं।

शंघाई के AI सुपरकंप्यूटिंग सेंटर से जुड़े उपकरण

दस्तावेजों में शंघाई स्थित यांग्त्जी रिवर डेल्टा AI सुपरकंप्यूटिंग सेंटर का भी नाम सामने आया है। यह एक बड़ा कंप्यूटिंग सेंटर है, जहां AI से जुड़े कामों के लिए शक्तिशाली सर्वर और दूसरे उपकरण लगाए गए हैं।

रिकॉर्ड के अनुसार, इस सेंटर में चार उपकरणों का उल्लेख किया गया है। इसका इंफ्रास्ट्रक्चर शंघाई लोंगरुई नाम की कंपनी ने विकसित किया था। गेमिंग कंपनी सेंचुरी हुआतोंग की पहले इस कंपनी में हिस्सेदारी थी। वहीं Tencent को भी इसका करीब 10 फीसदी शेयरधारक बताया गया था।

शंघाई में मौजूद है AI डेटा सेंटर

Tencent ने अपने कनेक्शन से किया इनकार

इस पूरे मामले में Tencent का नाम भी सामने आया है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि Tencent ने संबंधित डेटा सेंटर को न तो विकसित किया और न ही उसके निर्माण में साझेदारी की। कंपनी ने यह भी कहा कि यांग्त्जी रिवर डेल्टा डेटा सेंटर प्रोजेक्ट का उसके पास कभी मालिकाना हक नहीं रहा और न ही उसने इसका संचालन किया।

Tencent के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट में कंपनी के नाम और ट्रेडमार्क का इस्तेमाल बिना अनुमति किया गया था। कंपनी ने मेगास्पीड और उसकी सहायक कंपनियों के साथ किसी भी तरह के कारोबारी संबंध होने से भी इनकार किया।

Tencent ने किया कनेक्शन से इनकार

एक सर्वर में लगे थे आठ GPU 

रिपोर्ट में सर्वरों की क्षमता और उनकी कीमत से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। एक वित्तीय समझौते में डेटा सेंटर में मौजूद 128 सर्वरों का जिक्र है। इनमें से हर सर्वर में आठ ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) लगे थे। इस तरह कुल 1,024 चिप्स का इस्तेमाल किया गया था।

इन सर्वरों की कंप्यूटिंग क्षमता 989 PFLOPs बताई गई। प्रत्येक सर्वर की कीमत करीब 4.5 लाख डॉलर तक थी। एक अन्य लेनदेन में 57 मिलियन डॉलर के 128 सर्वरों का उल्लेख है। इन सर्वरों के लिए चीन की सरकारी समर्थन वाली एविएशन और डिफेंस कंपनी AVIC की एक शाखा ने फाइनेंसिंग जुटाई थी। बाद में इन्हें सेंचुरी लिटोंग को लीज पर दिया गया।

10 हजार से ज्यादा Nvidia नेटवर्किंग कार्ड का भी जिक्र

दस्तावेजों में शंघाई के इसी डेटा सेंटर में Nvidia के 10 हजार से ज्यादा ConnectX-7 नेटवर्किंग कार्ड और 730 BlueField-3 यूनिट होने का भी उल्लेख है। इन उपकरणों का इस्तेमाल कई सर्वरों और कंप्यूटरों को एक बड़े नेटवर्क से जोड़ने में किया जाता है। AI के बड़े मॉडल को चलाने के लिए ऐसे नेटवर्किंग उपकरण काफी अहम होते हैं।

Saurav Das Passport Notice: सौरव दास को MEA ने क्यों भेजा नोटिस? जन्मस्थान की जानकारी में मिली गड़बड़ी

Anant Singh Daughter Wedding Live: दुल्हनिया को लेने निकले ऋषिकेश, अनंत सिंह की डिफेंडर बनी बारात की शान

बिहार में AI की दुनिया का नया ठिकाना! CtrlS लगाएगी 10 हजार करोड़, 2029-30 तक शुरू होगा प्रोजेक्ट

मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले, भारत में बनेंगे क्रेन-बुलडोजर; असम को मिलेगा नया एयरपोर्ट

दाऊद इब्राहिम के ठिकाने मुसाफिरखाना में नमाज पर भी रोक, बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा- कोई अंदर न जाए