Pappu Yadav Claims Victory for Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले पूरे देशभर में सियासी हलचल तेज हो गई है। सोमवार को होने वाली वोटों की गिनती से पहले तमाम सियासी दल अपने-अपने जीत का दावा कर रहे हैं। इस बीच बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने टीएसी प्रमुख ममता बनर्जी की जीत का दावा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल एक वीडियो में उन्होंने कहा है कि दीदी के अलावा कोई नहीं जीतेगा...यदि दीदी चुनाव नहीं जीती, बीजेपी चुनाव जीत गई...तो पप्पू यादव सेवा करना, मदद करना और संघर्ष करना बंद कर देंगें।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को जारी होंगे। इससे पहले राज्य में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मतगणना से ठीक दो दिन पहले यानी की शनिवार को चुनाव आयोग ने दक्षिण परागन जिले के फालता विधानसभा क्षेत्र की कुल 285 बूथों पर फिर से मतदान कराने की घोषणा कर दी है। चुनाव आयोग के मुताबिक, 21 मई को फिर से वोटिंग होगी और 24 मई को वोटो की गिनती होगी।
बता दें कि पश्चिम विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को इस विधानसभा क्षेत्र में हुई वोटिंग को चुनाव आयोग ने रद्द कर दिया है। आयोग ने कहा कि वोटिंग के दौरान इस विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों पर ईवीएम से छेड़छाड़ किया गया था, जिसकी शिकायत मिलने के बाद दूबारा वोटिंग कराने का फैसला लिया गया है। इसी तरह शनिवार को डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर मोगराहाट के 11 बूथों पर दोबारा मतदान हुआ। चुनाव आयोग के मुताबिक, लगभग 88 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया है। इन बूथों पर भी 29 अप्रैल को मतदान के दौरान कुछ खामियां मिली थी, जिसके बाद दोबारा मतदान करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: एग्जिट पोल में पूर्ण बहुमत, फिर भी मतगणना से पहले क्यों बढ़ी BJP की टेंशन? सामने आया ये चौकाने वाला आंकड़ा
समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी बंगाल में ममता बनर्जी की जीत का दावा किया है। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि ये जनता का चुनाव होने जा रहा है। दीदी थीं...दीदी जीतेंगी...दीदी रहेंगी। एक अकेली हैं वो लड़ेंगी भी और जीतेंगी भी।