CBSE Maths Paper Tough : देशभर में Central Board of Secondary Education (CBSE) की कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा के तहत आयोजित मैथ्स स्टैंडर्ड पेपर के बाद छात्रों और अभिभावकों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
परीक्षा खत्म होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई पोस्ट वायरल हो गईं, जिनमें पेपर को कठिन और लंबा बताया गया। छात्रों का कहना है कि प्रश्न उम्मीद से ज्यादा जटिल थे और समय प्रबंधन करना मुश्किल हो गया। कुछ अभिभावकों ने भी कहा कि सैंपल पेपर और असली परीक्षा के स्तर में काफी अंतर था।
खासकर तमिलनाडु क्षेत्र के कुछ छात्रों ने दावा किया कि उनके सेट का पेपर अन्य क्षेत्रों की तुलना में ज्यादा कठिन था। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने प्रधानमंत्री Narendra Modi, शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री M. K. Stalin को टैग करते हुए परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। एक पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि एक सवाल सिलेबस से बाहर था। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये खबर भी पढ़ें : JEE Main 2026 टॉपर का डांस वीडियो वायरल, 300 में 300 अंक लाकर मनाया खास जश्न
वहीं कई लोगों ने पेपर के स्तर का समर्थन भी किया। कुछ यूजर्स का कहना है कि अगर छात्र आगे चलकर JEE या NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, तो मजबूत आधार जरूरी है।
उनके अनुसार, समस्या पेपर की कठिनाई नहीं बल्कि अभ्यास और समय प्रबंधन की हो सकती है। फिलहाल CBSE की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह विवाद केवल एक पेपर तक सीमित नहीं है, बल्कि परीक्षा प्रणाली, पारदर्शिता और छात्रों के मानसिक दबाव जैसे बड़े मुद्दों से भी जुड़ गया है।