

FA9LA Song Controversy : सरहद पार से आई एक छोटी सी वीडियो क्लिप ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। वायरल वीडियो में यूनिफॉर्म पहने चार लोग खुले मैदान में डांस करते नजर आ रहे हैं। बैकग्राउंड में FA9LA गाना बज रहा है, जो फिल्म Dhurandhar का बताया जा रहा है।
दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे लोग पाकिस्तानी सैनिक हैं। हालांकि, इस दावे की किसी आधिकारिक एजेंसी ने पुष्टि नहीं की है। इसके बावजूद क्लिप तेजी से शेयर हो रही है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर’ फिल्म को पाकिस्तान में बैन बताया गया है और इसे पाकिस्तान विरोधी फिल्म कहा जा रहा है। इससे पहले कराची से एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कथित तौर पर फिल्म की पायरेटेड कॉपी बिकती दिखाई गई थी।
अब यूनिफॉर्म में डांस का यह नया वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तंज और मीम्स की बाढ़ आ गई है। कुछ यूजर्स मजाक में लिख रहे हैं कि अब सरहद पर गोलियों की जगह गाने बजेंगे, तो कुछ इसे गंभीर मुद्दा बता रहे हैं।
फिल्म की कहानी एक भारतीय जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी की साजिश को उजागर करता है। इसी वजह से इसे लेकर विवाद खड़ा हुआ था। ऐसे में यूनिफॉर्म में डांस का यह कथित वीडियो कई लोगों को चौंका रहा है।
फिलहाल यह साफ नहीं है कि वीडियो कब और कहां का है, या इसमें दिख रहे लोग सच में सैनिक हैं या नहीं। लेकिन इतना तय है कि इस क्लिप ने डिजिटल दुनिया में नई बहस छेड़ दी है-क्या कला और मनोरंजन की कोई सरहद होती है?