Rat In Gulab Jamun Viral Video: मिठाई प्रेमियों के लिए एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। महाराष्ट्र के भिवंडी में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर नेटिजन्स और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
इस वायरल वीडियो में भिवंडी स्थित हरीश गुलाब जामुन नामक प्रसिद्ध दुकान में गुलाब जामुन से भरे एक बड़े बर्तन में एक जिंदा चूहा चाशनी के अंदर आराम से तैरता और घूमता हुआ दिखाई दे रहा है।
यह पूरा मामला भिवंडी के शांति नगर रोड पर सलाहुद्दीन अय्यूबी स्कूल के पास स्थित 'हरीश गुलाब जामुन' आउटलेट का है। वीडियो इंटरनेट पर फैलते ही स्थानीय निवासियों और ग्राहकों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने प्रतिष्ठान में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर कड़े सवाल खड़े किए।
जनआक्रोश को देखते हुए स्थानीय निवासी मंगलवार को तुरंत दुकान पर पहुंच गए और उसे जबरन बंद करवा दिया। निवासियों का कहना था कि जब तक खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूरी जांच नहीं कर लेते, तब तक दुकान बंद रहनी चाहिए।
वीडियो के वायरल होने और लोगों के विरोध के बाद FDA की टीम तुरंत हरकत में आई। बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी (FSO) प्रवीण शिंदे के नेतृत्व में एफडीए की टीम ने दुकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वच्छता स्थिति का आकलन किया, प्रयोगशाला जांच के लिए गुलाब जामुन के सैंपल एकत्र किए और मौके पर पंचनामा तैयार किया।
जांच के दौरान एफडीए की टीम को एक और बड़ा प्रशासनिक उल्लंघन मिला। दुकान संचालक के पास खाद्य व्यवसाय चलाने के लिए आवश्यक 'फूड बिजनेस रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट' मौजूद ही नहीं था। इस गंभीर लापरवाही और नियम उल्लंघन को देखते हुए विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान को व्यापार बंद करने का 'स्टॉप बिजनेस नोटिस' जारी कर दिया।
हरीश गुलाब जामुन ब्रांड की भिवंडी शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगभग 11 दुकानें संचालित होती हैं। इस वाकये के बाद ब्रांड के अन्य सभी आउटलेट्स में मिलने वाली मिठाइयों की स्वच्छता और सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं दुकान के मालिक हरीश साहू ने माना कि वीडियो उनकी ही दुकान का है, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि वीडियो कब रिकॉर्ड हुआ और चूहा बर्तन में कैसे पहुंचा। मालिक का कहना है कि दुकान में लगे CCTV फुटेज की जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई साफ हो सकेगी।