ठाणे के भिवंडी मनपा से स्कूलों तक गूंजा राष्ट्रगान, शहर के विकास को लेकर SDM ने की कई अहम घोषणाएं

Independence Day Flag Hoisting: भिवंडी में स्वतंत्रता दिवस पर प्रांत, तहसीलदार कार्यालय और मनपा समेत विभिन्न संस्थानों में ध्वजारोहण हुआ। शहर के विकास, सड़क मरम्मत और 100 नई बसों की घोषणा हुई।
80th Independence Day Flag Hoisting In Bhiwandi
भिवंडी में 80वां स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण(फोटो नवभारत)
Updated on

Independence Day Flag Hoisting In Bhiwandi: पावरलूम नगरी कही जाने वाली भिवंडी में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की धूम रही। भिवंडी प्रांत कार्यालय,तहसीलदार कार्यालय, मनपा मुख्यालय, कोर्ट, रिमांड होम में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया।

प्रांत कार्यालय परिसर में एसडीएम अमित सानप ने तिरंगा ध्वज फहराकर सलामी दी। उन्होंने शहरवासियों की खुशहाली की कामना करते हुए विकासयोजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर तहसीलदार अभिजीत खोले,रिमांड होम सेक्रेटरी दिलीप कलंत्री, एड प्रमोद पाटिल,अशोक कुमार फड़तरे,रोटरी क्लब प्रेसीडेंट प्रदीप राका सहित शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद थे। तहसीलदार कार्यालय पर तहसीलदार अभिजीत खोले ने ध्वजारोहण करते हुए लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

मनपा में ध्वजारोहण

भिवंडी मनपा मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महापौर नारायण चौधरी ने आयुक्त अनमोल सागर और उपमहापौर तारिक मोमिन की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भिवंडी के विकास से जुड़ी कई योजनाओं की जानकारी दी।

महापौर ने कहा कि बरसात के बाद शहर की बदहाल सड़कों की मरम्मत का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शहर में 100 नई बसें चलाने की भी योजना है। उन्होंने कहा कि इन बसों से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।

वहीं, मनपा आयुक्त अनमोल सागर ने कहा कि भिवंडी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए मनपा पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। शहर के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

SDM hoisting flag on 80th Independence Day
80वां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण करते SDM(फोटो नवभारत)
80th Independence Day Flag Hoisting In Bhiwandi
राष्ट्र को महाराष्ट्र बनाएगा महासत्ता, एकनाथ शिंदे ने कहा- ठाणे-बोरिवली सुरंग से विकास को मिलेगी नई गति

स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस

भिवंडी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, राजनीतिक दलों के कार्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सोसाइटियों में उत्साह के साथ ध्वजारोहण किया गया। पीएम हाईस्कूल में समाजसेवक कृष्णा गाजेंगी ने तिरंगा फहराया, जबकि वीएलआर स्कूल में संस्था पदाधिकारी वैशाली धूमाल के हाथों ध्वजारोहण हुआ।

इसके अलावा शहर के विभिन्न संस्थानों में प्रमुखों ने राष्ट्रध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक समारोह में हिस्सा लिया। कई स्थानों पर देशभक्ति के गीतों और नारों से वातावरण गूंजता रहा। इस दौरान लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com