Ayodhya Fish Party Row Congress: रामनगरी अयोध्या में सावन के पवित्र महीने में 'मछली भोज' आयोजित किए जाने पर एक बड़ा राजनीतिक और धार्मिक विवाद खड़ा हो गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पहले रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन किए और हनुमान चालीसा का पाठ किया। लेकिन इसके तुरंत बाद उनके स्वागत समारोह में कथित तौर पर सैकड़ों किलो मछली पकाए जाने की खबर सामने आई, जिससे अयोध्या के साधु-संतों में भारी आक्रोश है।
साधु-संतों ने इस घटना की तीखी आलोचना करते हुए इसे सनातन धर्म को ठेस पहुंचाने और हिंदुओं को बांटने की साजिश बताया है। उनका कहना है कि पवित्र सावन मास और एकादशी के दिन ऐसा कृत्य घोर निंदनीय है। संतों के अनुसार, आम श्रद्धालु भी अयोध्या आने से पहले दो दिन खुद को शुद्ध करते हैं, जबकि कांग्रेस नेताओं ने दर्शन का केवल स्वांग रचा और बाहर आते ही मांसाहार का सेवन किया। नाराज संतों ने चेतावनी दी है कि इस कुकृत्य के लिए कांग्रेस को हनुमान जी की गदा से कड़ा दंड मिलेगा।