छठ पर्व (सोर्स: सोशल मीडिया)
वाराणसी

छठ पर्व पर घाटों और जलाशयों में बरतें विशेष सतर्कता, वाराणसी जिला प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन

Varanasi Chhath Festival: आपात स्थिति में श्रद्धालु जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं। नाविकों व पूजा आयोजकों से भी सुरक्षा व्यवस्था बनाने की अपील की गई है।

धर्मेंद्र कुमार चौबे, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • डूबने, भगदड़ और नाव दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन की अपील

  • प्रतिबंधित घाटों पर पूजा करने और गहरे पानी में उतरने से बचें

  • आपात स्थिति में 1077 पर करें संपर्क

Chhath Pooja Caution Guidelines: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। गंगा घाटों, तालाबों, सरोवरों और अन्य जलाशयों पर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

प्रशासन ने आगाह किया है कि घाटों पर अत्यधिक भीड़, फिसलन और जलस्तर की अनदेखी से डूबने, भगदड़, नाव दुर्घटना, विद्युत हादसे और आगजनी जैसी घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में श्रद्धालु केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें। प्रतिबंधित, असुरक्षित और अधिक गहराई वाले स्थानों पर जाने से बचें। नदी में उतरते समय पानी की गहराई और बहाव का विशेष ध्यान रखें तथा बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतों का पालन करें।

बच्चों को घाटों पर अकेला न छोड़ें

जिला प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अभिभावकों को निर्देश दिया गया है कि बच्चों को घाटों पर अकेला न छोड़ें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धक्का-मुक्की और दौड़ने से बचें तथा निर्धारित प्रवेश और निकास मार्गों का इस्तेमाल करें।

नाव से यात्रा करने वालों को केवल अधिकृत नावों का उपयोग करने और निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने की हिदायत दी गई है। नाव में सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही घाटों पर खुले बिजली के तारों, विद्युत पोल और अस्थायी कनेक्शनों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

नदी में प्लास्टिक-पॉलीथिन न फेंकने की अपील

वाराणसी प्रशासन ने घाटों पर पटाखे और आतिशबाजी नहीं करने, ज्वलनशील पदार्थों से बचने तथा नदी में प्लास्टिक, पॉलीथिन और पूजा सामग्री नहीं फेंकने की अपील की है। किसी व्यक्ति के डूबने की स्थिति में स्वयं पानी में उतरकर बचाव का प्रयास करने के बजाय तत्काल जल पुलिस या प्रशिक्षित बचाव दल को सूचना देने को कहा गया है।

आपात स्थिति में श्रद्धालु जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने नाविकों और पूजा आयोजकों से भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण में सहयोग करने की अपील की है।

प्रशासन का कहना है कि छठ महापर्व को श्रद्धा, उल्लास और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।

गोधरा कांड: CBI के पूर्व विशेष निदेशक राकेश अस्थाना का दावा- लालू यादव मुझे चाहते थे, फंसाना

दिल्ली AIIMS ने रचा इतिहास, मां के गर्भ में किया शिशु की रीढ़ के हड्डी का सफल ऑपरेशन

तेलंगाना में गिग वर्कर्स को 5 लाख का दुर्घटना बीमा, 10 लाख का हेल्थ कवर; राहुल गांधी ने लॉन्च की योजना

जवाहरलाल नेहरू जेल में किस जानवर से डरते थे? भय से बिस्तर छोड़कर भाग जाते थे

INS Betwa: 22 साल पुराने युद्धपोत की क्या है खासियत? भाप से चलता था इंजन, अब मिलेगी डीजल की ताकत