प्रदर्शन (सोर्स- नवभारत लाइव)
प्रयागराज

TGT-PGT भर्ती की मांग को लेकर प्रयागराज में फिर सड़क पर उतरे अभ्यर्थी, भारी बारिश में भी किया जोरदार प्रदर्शन

Teacher Protest Prayagraj: TGT-PGT शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन फिर तेज हो गया। पुलिस कार्रवाई के बाद छात्र सड़क पर धरने पर बैठ गए। भारी बारिश के बीच प्रदर्शन जारी रहा।

ओमप्रकाश सिंह परिहार, स्निग्धा श्रीवास्तव

TGT PGT Teacher Recruitment Protest Prayagraj: TGT-PGT शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर प्रयागराज में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का प्रदर्शन गुरुवार को और उग्र हो गया। पांच दिन से चल रहे धरना-प्रदर्शन को बुधवार देर रात खत्म कराने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए छात्रों को धरना स्थल से हटा दिया। इसके बाद गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में अभ्यर्थी फिर एकजुट होकर सड़क पर उतर आए। छात्रों के सड़क पर धरना देने से कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस कार्रवाई के बाद बढ़ा आक्रोश

बुधवार देर रात पुलिस द्वारा छात्रों को धरना स्थल से उठाए जाने के बाद गुरुवार सुबह से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पत्थर गिरजाघर के आसपास जुटने लगे। छात्रों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए सड़क पर धरना शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे आंदोलन को बलपूर्वक खत्म करने के बजाय उनकी मांगों पर सरकार को ठोस निर्णय लेना चाहिए।

भारी बारिश में भी डटे रहे छात्र

गुरुवार को प्रयागराज में हुई भारी बारिश भी आंदोलनकारी छात्रों के कदम नहीं रोक सकी। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बारिश के बीच सड़क पर बैठे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे। आंदोलन में प्रयागराज के अलावा दूसरे जिलों से भी अभ्यर्थियों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। छात्रों की संख्या बढ़ने से प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई।

तीन ACP समेत कई थानों की फोर्स और PAC तैनात

अभ्यर्थियों के सड़क पर धरने को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। मौके पर तीन एसीपी के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स और PAC के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

यातायात व्यवस्था प्रभावित

सड़क पर कई घंटे से अभ्यर्थियों के डटे रहने के कारण आसपास के मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस की ओर से स्थिति सामान्य बनाए रखने और यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया जाता रहा। फिलहाल अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े हैं और आंदोलन समाप्त करने के मूड में नहीं दिख रहे हैं।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। छात्रों का कहना है कि वे शिक्षक भर्ती से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं और मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखेंगे। बुधवार देर रात की पुलिस कार्रवाई के बाद आंदोलन के और उग्र होने की आशंका के बीच प्रशासन ने धरना स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।

BRICS Summit 2026: दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक क्या रहेगा बंद? स्कूल, दफ्तर से मेट्रो तक, जानें पूरा अपडेट

महाराष्ट्र के नांदेड़ में भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रक और टाटा मैजिक की टक्कर, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

बंगाल में सत्ता बदलते ही अडानी की एंट्री, जल्द शुरू होंगे ये 3 बड़े प्रोजेक्ट्स; जानें पूरी डिटेल

BRICS Summit: दिल्ली में ब्रिक्स का मंच तैयार, किस-किस देश के नेता होंगे शामिल; भारत के लिए क्या है खास?

IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस: लालू, तेजस्वी और राबड़ी समेत 9 के खिलाफ आरोप तय, राउज एवेन्यू कोर्ट का बड़ा फैसला