SP Leader Pawan Yadav Shot Dead: प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में पूर्व प्रधान और समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव पवन कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार तीन हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पवन यादव को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मुंगराव गांव के पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव की उम्र करीब 50 वर्ष थी। मंगलवार शाम करीब 5 बजकर 24 मिनट पर वह पिलर नंबर 52 के पास अपनी ब्रेजा कार के नजदीक कुछ परिचितों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान हंडिया की ओर से सुपर स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि इनमें से दो बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था।
हमलावरों ने समाजवादी पार्टी के नेता पवन यादव के बेहद करीब पहुंचकर उनकी पीठ से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल पवन यादव को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही पुलिस हत्या के पीछे की वजह का भी पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है और आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।