प्रयागराज अर्बन मार्केट (सोर्स: सोशल मीडिया)
प्रयागराज

अर्बन मार्केट पर इलाहाबाद हाईकोर्ट सख्त, नगर निगम को फिर लगाई फटकार; 10 दिसंबर तक मांगा जवाब

Allahabad High Court Slams Prayagraj Municipal Corporation: सुनवाई के दौरान ग्रीन बेल्ट के सामने वाहनों की पार्किंग कराने का नगर निगम का सुझाव भी कोर्ट ने अव्यावहारिक मानते हुए खारिज कर दिया था।

ओमप्रकाश सिंह परिहार, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • अर्बन मार्केट की वास्तविक स्थिति जानने के लिए इलाहबाद हाईकोर्ट ने की अधिवक्ता कमिश्नर की नियुक्ति

  • अर्बन मार्केट में 60 दुकानों का पहले ही हो चुका है आवंटन

  • बाजार के आसपास की सड़कों पर जाम की समस्या पर कोर्ट ने जताई चिंता

Prayagraj Urban Market Relocation Case: इलाहाबाद हाईकोर्ट और सर्किट हाउस के आसपास सहित सरोजनी नायडू मार्ग पर संचालित अर्बन मार्केट को हटाने और वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने के मामले में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर हाईकोर्ट ने एक बार फिर नाराजगी जताई है।

शुक्रवार को सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने बाजार की वास्तविक स्थिति जानने के लिए अधिवक्ता कमिश्नर नियुक्त किया। साथ ही नगर निगम को निर्देश दिया कि 10 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में स्पष्ट बताए कि अर्बन मार्केट को कहां स्थानांतरित किया जाएगा। नगर निगम की ओर से मौजूद अपर अधिवक्ता महेश चतुर्वेदी को भी कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई।

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अजीत कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ में हुई। वादी पक्ष के अधिवक्ता अशोक पाण्डेय के मुताबिक, कोर्ट ने अर्बन मार्केट की मौजूदा स्थिति और पूर्व में दिए गए आदेशों के अनुपालन को गंभीरता से लिया है। इसी क्रम में अधिवक्ता कमिश्नर की नियुक्ति की गई है, ताकि मौके की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

20 जुलाई के आदेश के बाद भी जारी रहा विवाद

दरअसल, प्रयागराज में यातायात व्यवस्था और अर्बन मार्केट के संचालन को लेकर कई याचिकाएं इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल की गई हैं। अरविंद कुमार मिश्रा व 34 अन्य की याचिका समेत संबंधित जनहित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने बाजारों के लिए पार्किंग व्यवस्था को लेकर नगर निगम से जवाब मांगा था। 18 नवंबर की सुनवाई में भी कोर्ट ने इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया था।

नगर निगम की ओर से बताया गया था कि अर्बन मार्केट में 60 दुकानों का आवंटन 20 जुलाई 2026 के आदेश से पहले किया जा चुका था। हालांकि, कोर्ट ने बाजार के संचालन से पैदा होने वाली यातायात समस्या को देखते हुए हाईकोर्ट, सर्किट हाउस और आसपास की प्रमुख सड़कों को अर्बन मार्केट और वेंडिंग जोन से मुक्त रखने का निर्देश दिया था।

नगर निगम का सुझाव अव्यावहारिक

सुनवाई के दौरान ग्रीन बेल्ट के सामने वाहनों की पार्किंग कराने का नगर निगम का सुझाव भी कोर्ट ने अव्यावहारिक मानते हुए खारिज कर दिया था। कोर्ट का कहना था कि इससे सड़क की चौड़ाई कम होगी और जाम की समस्या बढ़ेगी। नगर निगम को वैकल्पिक स्थान चिह्नित करने और वहां पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

अब 27 नवंबर की सुनवाई में अधिवक्ता कमिश्नर की नियुक्ति और नगर निगम को नए सिरे से निर्देश दिए जाने के बाद इस मामले में प्रशासन की जवाबदेही बढ़ गई है। 10 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में नगर निगम को बताना होगा कि अर्बन मार्केट के लिए कौन सा स्थान प्रस्तावित किया गया है।

कार्तिगई दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख, अधिकारियों को अवमानना नोटिस; CRPF संभालेगी सुरक्षा

Delimitation Bill LIVE: इंडिया गठबंधन में फूट, RJD सांसद ने किया परिसीमन बिल का समर्थन; सुप्रिया ने बनाई दूरी

मुंबई को दहलाने की धमकी देने वाला निकला तमिलनाडु का इंजीनियर, अमेरिका से 1500 फर्जी धमकियां देने का शक

संसद के विशेष सत्र से पहले India ब्लॉक में बगावत, RJD सांसद ने किया परिसीमन का समर्थन; बोले-यह जनता के हित में

संसद सत्र से पहले महाराष्ट्र में हलचल तेज, शिवसेना ने भी जारी की व्हिप; शिंदे ने सांसदों को मुंबई बुलाया