

Highlights:
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया।
मुख्य सचिव को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होकर हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया गया।
मंदिर और दरगाह की सुरक्षा तथा शांतिपूर्ण गतिविधियों की जिम्मेदारी CRPF को सौंपी गई।
Thiruparankundram Karthigai Deepam Case: तमिलनाडु के थिरुपरनकुंद्रम में दीपाथून पर कार्तिगई दीपम जलाने के आदेश का पालन नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। बता दें अदालत ने राज्य के मुख्य सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी कर पूछा है कि आदेश की कथित अवहेलना के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए।
साथ ही मुख्य सचिव को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया गया है। कोर्ट ने पूरे मामले में अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी को अदालत के आदेश का पालन करने या न करने का फैसला खुद लेने का अधिकार नहीं है।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के सचिव और आयुक्त, मदुरै के जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक और मंदिर प्रशासन सहित संबंधित अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है।
अदालत ने इन अधिकारियों से जवाब मांगा है कि दीपाथून पर दीप जलाने के आदेश का कथित तौर पर जानबूझकर पालन नहीं करने के लिए उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। कोर्ट ने मुख्य सचिव को हलफनामा दाखिल करने का भी निर्देश दिया है। इसमें अधिकारियों के बीच इस मुद्दे पर हुई ईमेल, फोन कॉल और संदेशों का विवरण देने को कहा गया है।
बता दें कि सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि घटनाक्रम से प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि आदेश का जानबूझकर पालन नहीं किया गया। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि अधिकारियों ने राजनीतिक नेतृत्व के निर्देशों के तहत काम किया प्रतीत होता है।
अदालत ने हाई कोर्ट के सामने दिए गए आश्वासन के उल्लंघन और संवैधानिक अदालतों के आदेशों के प्रति अनादर पर नाराजगी जताई। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों का काम अदालत के निर्देशों का पालन करना है, न कि अपनी ओर से यह तय करना कि किस आदेश को लागू किया जाए और किसे नहीं।
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने राजनीतिक पूर्वाग्रह के कारण दीप जलाने के आदेश को लागू नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि दीप जलाने के समय और स्थान को लेकर जानबूझकर बाधाएं खड़ी की गईं।
याचिकाकर्ता की ओर से यह भी कहा गया कि अधिकारियों ने बोर्ड और अन्य व्यवस्थाओं को आदेश के पालन में रुकावट के तौर पर इस्तेमाल किया। हालांकि, ये आरोप याचिकाकर्ता की ओर से अदालत में रखे गए हैं।
सुनवाई में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने ASI की टीम को दोपहर करीब 3 बजे दीप जलाने वाले स्थान तक पहुंचने से रोक दिया था।
मेहता ने मामले को गंभीर अवमानना बताते हुए निष्पक्ष निगरानी के लिए पूर्व न्यायाधीश या केंद्रीय बलों की तैनाती का सुझाव दिया। वहीं, मदुरै जिला कलेक्टर की ओर से अदालत को बताया गया कि दीप नहीं जलाया गया, लेकिन इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई।
पुलिस आयुक्त की ओर से अदालत को बताया गया कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 5,797 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। इनमें 2,400 स्थानीय पुलिसकर्मी, 1,200 सशस्त्र रिजर्व कर्मी और तमिलनाडु स्पेशल पुलिस के जवान शामिल थे।
वहीं, दरगाह समिति की ओर से पेश वकील हुजेफा अहमदी ने कहा कि इस विवाद के कारण दरगाह की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने अदालत से अपने पूर्व आदेश में बदलाव नहीं करने का आग्रह किया
सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर और दरगाह, दोनों की सुरक्षा तथा वहां शांतिपूर्ण गतिविधियां सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंप दी है। अदालत ने श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना की सुविधा देने का निर्देश भी दिया।
कोर्ट के आदेश के मुताबिक, निर्धारित नियमों और शर्तों के तहत श्रद्धालु दीप जला सकेंगे। चूंकि परिसर में दरगाह भी मौजूद है, इसलिए दीप जलाने का स्थान उससे सभी दिशाओं में कम से कम 50 मीटर दूर रखा जाएगा। दरगाह की सुरक्षा के लिए CRPF को आवश्यक कदम उठाने होंगे।
अदालत ने यह भी कहा कि यदि निर्धारित समय पर दीपाथून में दीप नहीं जलाया गया है, तो रिसीवर 24 नवंबर को जलाए गए दीप से मिली लौ का इस्तेमाल कर निर्धारित समय पर दीप जलाने की व्यवस्था करें। यह निर्देश इस शर्त के साथ दिया गया है कि वह लौ अब भी जल रही हो।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कोई भी अदालत के आदेश को कमजोर नहीं कर सकता। संवैधानिक व्यवस्था में पैदा हुई गड़बड़ी को ठीक करना जरूरी है। अदालत ने दोहराया कि कानून का शासन सर्वोपरि है और अधिकारियों की जिम्मेदारी न्यायिक आदेशों के पालन में सहयोग करना है।