Highlights:
दिल्ली से हावड़ा डाउन रूट पर ट्रैक के धंसने से आवागमन हुआ प्रभावित।
आमघाट के पास रेलवे ट्रैक धंसने दर्जनों रेल गड़िया के परिचालन पर असर।
मीरजापुर स्टेशन से लेकर आसपास के स्टेशनों पर कई ट्रेनों को रोकना पड़ा।
Mirzapur Rail Construction Accident: मिर्जापुर में रेलवे स्टेशन और झिंगुरा रेलखंड के बीच तीसरी रेल लाइन के निर्माण के दौरान मंगलवार शाम लगभग 6:20 बजे मिट्टी धंसने की घटना हुई। इस कारण रेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के तहत डाउन लाइन पर रेल संचालन रोक दिया गया है, जबकि अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है।
घटना के कारण सात लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है और एक ट्रेन को कैंसिल कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, मिट्टी धंसने की जानकारी मिलते ही संबंधित विभागों की तकनीकी टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, डाउन लाइन की सुरक्षा और स्थिति को सामान्य करने के लिए सुधार कार्य किया जा रहा है। रेलवे अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित रेलखंड पर सावधानीपूर्वक कदम उठाए गए हैं। मिर्जापुर से लेकर आसपास के स्टेशनों पर कई ट्रेनें खड़ी है और कई गाड़ियों को वापस बुलाया गया। इस घटना के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना है।
रेलवे ने ट्रेन नंबर 12368, 12274, 12947 और 12398 को नए मार्ग प्रयागराज जंक्शन-प्रयागराज रामबाग-बनारस-वाराणसी जंक्शन-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से चलाने का फैसला किया है। इसके साथ ही, 10 नवंबर 2026 को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 26505 और 9 नवंबर को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 12167 को प्रयागराज जंक्शन-प्रयागराज रामबाग-बनारस मार्ग से संचालित किया जाएगा।
जबकि, ट्रेन संख्या 22971 को भी प्रयागराज जंक्शन-प्रयागराज रामबाग-बनारस-वाराणसी-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन मार्ग पर डायवर्ट किया गया है।
मिट्टी धंसने की वजह से ट्रेन संख्या 63238 (सूबेदारगंज-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन) को रद्द कर दिया गया है। यह ट्रेन वर्तमान में प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर खड़ी है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की ताजा जानकारी जरूर प्राप्त करें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।