Vrindavan Sadhu Allegation: वृंदावन के आनंद वाटिका क्षेत्र में सोमवार देर रात साधु के वेश में रह रहे एक व्यक्ति को लेकर जमकर हंगामा हुआ। शोषण, मारपीट और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने उस व्यक्ति की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को शांत कराया।
मामले में साध्वी सपना उपाध्याय ने हिम्मत गिरी गुरुदेव नाम से रहने वाले व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साध्वी का दावा है कि उक्त व्यक्ति खुद को जूना अखाड़े से जुड़ा बताता है, जबकि उसका वास्तविक नाम हेमंत राज मीणा और वह सवाई माधोपुर, राजस्थान का निवासी है।
साध्वी सपना उपाध्याय ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं से संपर्क करता है और उन्हें अपने प्रभाव में लेकर उनका कथित रूप से शारीरिक और मानसिक शोषण करता है। साध्वी ने यह भी दावा किया कि इस संबंध में वह पूर्व में मध्यप्रदेश में पुलिस से शिकायत कर चुकी हैं।
घटना के बाद आनंद वाटिका क्षेत्र में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। साध्वी ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, केशव धाम चौकी प्रभारी कपिल वशिष्ठ ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि साधु हिम्मत गिरी पर महिलाओं ने ब्लैकमेलिंग के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि वह कथित तौर पर फर्जी नामों से महिलाओं से संपर्क कर वीडियो बनाता और धमकी देता था। दावों के अनुसार उसने अब तक करीब 100 महिलाओं को फंसाया है। हालांकि मामले की जांच और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक राजस्थान के रहने वाला साधु महिलाओं की आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। इसलिए उसे पकड़ने के लिए महिलाओं ने योजना बनाई और चैतन्य विहार के एक गेस्ट हाउस में ढोंगी साधु को बुलाया। यहां पहुंचते ही उसके साथ महिलाओं ने मारपीट। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।