

Kanpur CMO Office Theft Case: कानपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी काशीराम अस्पताल रामादेवी चकेरी में हुई चोरी की घटना ने पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है। कानपुर के चकेरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। चोरी की घटना में 100 फाइलें सेवानिवृत कर्मचारियों की पत्रावलियां और एक सेवानिवृत अपर मुख्य चिकित्साधिकारी की व्यक्तिगत पेंशन पत्रावली और सेवक पुस्तिका तक चोरी हो गई हैं।
सीएमओ ऑफिस में हुई चोरी की घटना का मुकदमा वरिष्ठ सहायक कार्यालय भूप नारायण पाल ने चकेरी थाने में दर्ज कराया है।दर्ज मुकदमे के अनुसार वरिष्ठ सहायक कार्यालय 16 सितंबर को दोपहर में 2:00 बजे पेंशन पत्रावली लेने के लिए पेंशन कक्ष पहुंचे और जब पेंशन कक्ष को खोला गया तो पेंशन कक्ष की खिड़की के पास टेबल पर रिटायर्ड कर्मचारियों की लगभग 100 फाइल और डॉक्टर राम सुमेर रिटायर्ड एसीएमओ की व्यक्तिगत पेंशन पत्रावली, सेवक पुस्तिका और पत्रावली के अंदर रखी को सेवक पुस्तिकाएं गायब मिली।
भूप नारायण पाल के अनुसार कार्यालय की खिड़की खुली हुई थी जिससे आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा यह फाइल चोरी कर ली गई है।इसका मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सीएमओ ऑफिस में हुई चोरी की घटना ने जहां एक ओर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है वहीं अब स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी और कार्यशैली पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं क्योंकि दर्ज मुकदमे के अनुसार वरिष्ठ सहायक कार्यालय को चोरी की घटना की जानकारी 16 सितंबर की दोपहर 2:00 बजे हुई हो गई थी तो फिर चकेरी थाने की पुलिस को 19 सितंबर की शाम 5:25 पर सूचना क्यों दी गई। तीन दिन तक घटना को आखिर वरिष्ठ सहायक कार्यालय क्यों छुपाये रहा।
यह अपने आप में एक बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है क्योंकि जिस तरह से रिटायर्ड कर्मचारियों की पेंशन पत्रावली गायब हुई, रिटायर्ड एसीएमओ की पेंशन पत्रावली गायब हुई, कई रिटायर्ड कर्मचारियों की सर्विस बुक तक गायब हो गई लेकिन घटना की सूचना पुलिस को देने के बजाय तीन दिन तक घटना को क्यों छुपा कर रखा गया।
वरिष्ठ सहायक कार्यालय आखिर किस बात का इंतजार कर रहा था। वही सवाल यह भी खड़ा हो रहा है कि आखिर रिटायर्ड कर्मचारियों की सर्विस बुक और पेंशन पत्रावली चोरी करने से फायदा किसको होने वाला है।
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने जानकारी दी है कि चोरी की घटना के संबंध में थाना चकेरी में मुकदमा अपराध संख्या 623 सन 2026 दर्ज किया गया है। घटना के खुलासे के लिए उपनिरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।