पहले चरण में पांच जिलों में खुलेंगे स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन
सीएम युवा योजना से स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
टाटा और अशोक लीलैंड समेत कई संस्थाओं से एमओयू
सीएम बोले- गरीबों का पैसा निगल जाती थीं कांग्रेस-सपा
Sardar Patel Birth Anniversary: सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोकभवन में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया।
उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से लेकर रोजगार तक की सुविधा एक ही छत के नीचे मिलेगी।
सीएम ने बताया कि पहले चरण में गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके बाद सभी 18 मंडल मुख्यालयों और फिर प्रदेश के सभी जिलों में योजना का विस्तार होगा।
इन केंद्रों पर युवाओं की रुचि और योग्यता के अनुसार प्रशिक्षण देकर फैक्ट्रियों, संस्थानों और अन्य क्षेत्रों में रोजगार दिलाया जाएगा। विदेश में नौकरी चाहने वालों को संबंधित देश की भाषा और जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण भी मिलेगा।
सीएम ने बताया कि टाटा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स, अशोक लीलैंड, बीबीसी ग्रुप, पीटीसी, सीआईपैट, एशियन डेवलपमेंट बैंक, मिंडा और अवाडा जैसी संस्थाओं के साथ एमओयू किए गए हैं। इनके सहयोग से युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण मिलेगा। उन्होंने फूड प्रोसेसिंग को किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी बताया।
सीएम ने कहा कि सीएम युवा योजना के तहत युवाओं को पांच लाख रुपए तक की ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त सहायता दी जा रही है। युवा कॉलेज की पढ़ाई के साथ कौशल प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ना है।
सीएम ने कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे युवा आबादी है और उत्तर प्रदेश के पास देश की सबसे बड़ी युवा आबादी है। यह हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा के लोग इसे बोझ मानते थे, हमने इसको उपलब्धि माना। हमने स्केल को प्रधानमंत्री मोदी के स्किल डेवलपमेंट से जोड़ा। स्केल के साथ स्किल जुड़ेगी तो रोजगार भी आएगा। स्केल हो और स्किल न हो, तो गति दुर्गति में बदल जाती है। लेकिन स्केल के साथ स्किल भी हो, तो वही गति प्रगति में बदल जाती है।
सीएम योगी ने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों में माफिया युवाओं के रोजगार पर कब्जा करते थे। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू कहा जाता था, जबकि बीमारू प्रदेश नहीं, बल्कि पिछली सरकारों की मानसिकता थी।
सीएम के मुताबिक, पिछले साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। वहीं, 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' के माध्यम से 3.25 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत दुनिया की पांच बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। उन्होंने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 563 से अधिक रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना ही विकसित भारत का आधार है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री भूपेंद्र चौधरी, नंद गोपाल गुप्ता नंदी और अनिल राजभर सहित विधायक, अधिकारी, उद्योगपति और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।