व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल को दोषी करार
MP-MLA कोर्ट ने जमानत रद्द कर जेल भेजा
24 नवंबर को कंछल समेत 3 दोषियों को सजा सुनाई जाएगी
Lucknow Court Banwari Lal Guilty: लखनऊ की MP-MLA कोर्ट ने मारपीट के 28 साल पुराने केस में पूर्व राज्य सभा सदस्य और व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल को दोषी करार दिया। कोर्ट ने उसकी जमानत खत्म कर जेल भेज दिया है। अब 24 नवंबर को कंछल समेत 3 दोषियों को सजा सुनाई जाएगी।
बनवारी लाल कंछल एक समय में व्यापारियों का सबसे बड़ा नेता हुआ करता था और उसकी व्यापारियों के बीच तूती बोलती थी, लेकिन विवादों और धोखाधड़ी के केस लगने के बाद उसका दबदबा कम होता गया।
आरोप था कि बनवारी लाल कंछल ने अगस्त 1998 में अपने दो साथियों हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल व अन्य के साथ व्यापार कर भवन में आगजनी, मारपीट और सरकारी काम में बाधा डाली।
इस केस के दो आरोपी मोती चंद्र अग्रवाल और श्रीनिवास अग्रवाल की मौत हो चुकी है। जबकि राजेंद्र अग्रवाल को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त 1998 को हजरतगंज थाने में व्यापार कर विभाग के तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर (प्रशासन) एमएम कटियार ने हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज करवाई। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि दोपहर करीब सवा 1 बजे बनवारी लाल कंछल अपने साथियों मोतीलाल अग्रवाल, अशोक कुमार गुप्ता, श्रीनिवास अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल व देशराज करीब 250 लोगों के साथ ऑफिस में घुस आया।
शिकायत के अनुसार, सभी आरोपियों के पास लाठी-डंडें, असलह थे। ऑफिस में घुसते ही गाली गलौज, धमकी देते हुए सरकारी काम में बाधा डाली। रोकने पर अधिकारियों को जान से मारने की नीयत से मारपीट की। इसके अलावा सरकारी वाहनों व भवन में तोड़फोड़ की
FIR के बाद ये मामला कोर्ट में चला गया। इसके बाद कोर्ट में कई बार पेशी हुई। अभियोजन की ओर से 9 गवाह और 5 अभिलेखीय साक्ष्य कोर्ट में पेश किए गए।
इसके बाद लखनऊ पुलिस ने मामले की जांच के बाद बनवारी लाल कंछल, मोती चंद्र अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल, देशराज अग्रवाल, श्रीनिवास अग्रवाल और राजेंद्र कुमार अग्रवाल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। 17 नवंबर 2006 को कोर्ट ने इस पर संज्ञान लेते हुए आरोपियों को तलब किया और मई 2019 को आरोप तय किए थे।
बनवारी लाल कंछल का सबसे सबसे चर्चित मामला लखनऊ कोर्ट से जुड़ा है। 6 दिसंबर 2014 को कोर्ट परिसर में वकीलों के एक समूह ने बनवारी लाल कंछल को खींचकर बाहर निकाला था, उनकी जमकर पिटाई की और फिर बीच सड़क पर मुर्गा बनाया था। इस दौरान उसके कपड़े भी फड़ दिए गए थे।
इसके अलावा फरवरी 2023 में लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट ने सरकारी कामकाज में बाधा डालने, बिक्री कर अधिकारी से मारपीट करने और जानमाल की धमकी देने के मामले में बनवारी लाल कंछल को 2 साल की सजा और जुर्माना भी लगाया था।
वहीं बनवारी लाल कंछल को बेटा भी विवादों से जुड़ा रहा है। जुलाई 2024 में बाराबंकी पुलिस ने बनवारी लाल कंछल के बेटे अमित कंछल को प्रॉपर्टी डीलर से 2.20 करोड़ रुपये की ठगी करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
इसके साथ ही अक्टूबर 2024 में लखनऊ की कोर्ट ने चेक बाउंस के एक मामले में बनवारी लाल कंछल के बेटे अमित कंछल और उनकी पत्नी अर्पणा अग्रवाल को 2-2 साल की कैद और 24 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई थी।