लखनऊ में कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी संविधान दिवस मार्च
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस मार्च का नेतृत्व करेंगे
हजरतगंज होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा
Mallikarjun Kharge Lucknow Visit: लखनऊ में संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस मार्च का नेतृत्व करेंगे। यह मार्च कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होकर हजरतगंज होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा।
मार्च की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बैठक हुई। इसमें राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने भी बैठक में हिस्सा लिया। इसके अलावा पूर्व सांसद पीएल पुनिया और सांसद तनुज पुनिया भी शामिल हुए।
कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया और उज्ज्वल रमण सिंह ने कहा कि यात्रा नेहरू भवन से शुरू होगी। यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के बाद एनेक्सी भवन होते हुए हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगी। यहां पुष्पांजलि के साथ यात्रा का समापन होगा।
उज्ज्वल रमण सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग को अपने नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दिसंबर 2023 के कानून का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति करने वाली समिति से मुख्य न्यायाधीश को हटाकर केंद्रीय मंत्री को शामिल किया गया।
कांग्रेस सांसद उतनुज पुनिया ने SIR के तीन चरणों में 13.39 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाया। साथ ही उत्तर प्रदेश में पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों के बीच करीब 66 लाख नामों के अंतर का आरोप लगाया।
तनुज पुनिया ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की बुनियाद एक वोट है। वोट का अधिकार छिनने से दोनों कमजोर होते हैं। उन्होंने बाबा साहब आंबेडकर की चेतावनियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वोट के अधिकार की रक्षा करना जरूरी है।