झांसी में अनिल राजभर का बड़ा दावा, 9 साल में 9 लाख सरकारी नौकरियां दीं; बोले- कांग्रेस मुक्त यूपी का होगा

Anil Rajbhar Jhansi Visit: अनिल राजभर ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की बेरोजगारी दर आज देश में बेहतर स्थिति में है। उन्होंने इसके लिए भाजपा सरकार की नीतियों और रोजगार सृजन के प्रयासों को श्रेय दिया।
Anil Rajbhar
अनिल राजभर(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • अनिल राजभर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में यूपी कांग्रेस मुक्त होने जा रहा

  • अखिलेश यादव की गोरखपुर रैली पर कसा तंज- गोरखपुर मंडल में सपा के पास एक भी सीट नहीं

  • कैबिनेट मंत्री बोले- यूपी में एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और जलमार्ग जैसी सुविधाओं के विस्तार से निवेश आकर्षित हुआ

Anil Rajbhar Targets SP-BSP-Congress: उत्तर प्रदेश में रोजगार को लेकर सियासी बयानबाजी के बीच कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने झांसी में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले नौ वर्षों में नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी, जबकि 16 लाख लोगों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया।

उन्होंने कहा कि तीन करोड़ से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के धर्म की राजनीति करने के आरोप पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुक्त होने जा रहा है।

झांसी पहुंचे कैबिनेट मंत्री

यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री और वाराणसी की शिवपुर विधानसभा सीट से विधायक अनिल राजभर गुरुवार को झांसी पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रदेश में रोजगार, औद्योगिक निवेश और सरकार की नीतियों को लेकर अपनी बात रखी।

मंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की बेरोजगारी दर आज देश में बेहतर स्थिति में है। उन्होंने इसके लिए भाजपा सरकार की नीतियों और रोजगार सृजन के प्रयासों को श्रेय दिया।

Anil Rajbhar
Noida Protest: नोएडा मजदूर आंदोलन के पीछे 'पाकिस्तानी' साजिश? यूपी के मंत्री अनिल राजभर के दावे से मचा हड़कंप

औद्योगिक विकास पर है भाजपा का अगला फोकस

पिछली सरकारों से तुलना करते हुए अनिल राजभर ने कहा कि 2007 से 2012 के बीच बसपा सरकार ने 39 हजार और 2012 से 2017 के बीच सपा सरकार ने एक लाख 38 हजार सरकारी नौकरियां दी थीं, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले नौ वर्षों में नौ लाख सरकारी नौकरियां देने का काम किया है। इसके अलावा 16 लाख लोगों को निजी क्षेत्र में रोजगार और तीन करोड़ से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का दावा भी किया।

उन्होंने कहा कि सरकार का अगला फोकस औद्योगिक विकास पर है। एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और जलमार्ग जैसी सुविधाओं के विस्तार से निवेश आकर्षित हुआ है। उनके मुताबिक, नए कारखानों के पंजीकरण के मामले में उत्तर प्रदेश लगातार दो वर्षों से देश में पहले स्थान पर है और उसने तमिलनाडु, महाराष्ट्र तथा गुजरात को पीछे छोड़ा है।

विपक्षी दल घबराए हुए हैं

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के भाजपा पर धर्म की राजनीति करने के आरोप पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि विधान परिषद कांग्रेस मुक्त हो चुकी है और अब विधानसभा भी कांग्रेस मुक्त होने जा रही है।

चंद्रशेखर और ओवैसी के संगठनों के गठबंधन को लेकर मंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने लंबे समय तक दलितों और मुसलमानों को धोखा दिया है। अब उनकी सच्चाई सामने आने से विपक्षी दल घबराए हुए हैं। आजम खान की रिहाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे भाजपा की चुनावी तैयारियों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। भाजपा 2022 से ही इस रणनीति के साथ तैयारी कर रही है कि पूरा विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा।

अखिलेश यादव की गोरखपुर रैली पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि गोरखपुर मंडल में समाजवादी पार्टी के पास एक भी सीट नहीं है। उन्होंने विपक्ष के चुनावी दावों को भी निशाने पर लिया।

Anil Rajbhar
विशाल यादव हत्याकांड: 90% अपराधों में निकलता है सपा का कनेक्शन...मंत्री अनिल राजभर का अखिलेश पर बड़ा हमला