घायलों को अस्पताल ले जाया गया (सोर्स- नवभारत लाइव)
लखनऊ

जालौन में सिलेंडर ब्लास्ट से दहला इलाका, 13 बच्चे समेत 23 झुलसे, 13 गंभीर हालत में झांसी रेफर

Jalaun Gas Cylinder Blast: जालौन में सिलेंडर ब्लास्ट से 13 बच्चों समेत 23 लोग झुलस गए। खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आगक को बुझाने मोहल्ले के लोग पहुंचे थे, तभी जोरदार धमाका हुआ।

आकाश साहू, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • उरई के शांतिनगर मोहल्ले में गैस सिलेंडर फटा

  • महिलाओं और बच्चों समेत 23 लोग बुरी तरह झुलसे

  • 13 लोगों को गंभीर हालत में झांसी रेफर किया गया

Orai Cylinder Blast: जालौन के उरई के शांतिनगर मोहल्ले में रविवार शाम गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर में खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आग बुझाने के प्रयास के दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में आकर महिलाओं और बच्चों समेत 23 लोग बुरी तरह झुलस गए।

धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 13 लोगों को बेहतर इलाज के लिए झांसी रेफर किया गया है। घायलों में 13 बच्चे भी शामिल हैं।

आग बुझाने के दौरान अचानक फटा सिलेंडर

घटना उरई कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर की है। जानकारी के मुताबिक रविवार शाम सभासद माता प्रसाद के मकान में परिवार के लोग खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग देखकर घर में मौजूद लोग बाहर निकल आए। इस बीच आग बुझाने के प्रयास में मोहल्ले के कुछ लोग और बच्चे भी मौके पर इकट्ठा हो गए।

लोग सिलेंडर की आग पर काबू पाने की कोशिश कर ही रहे थे कि अचानक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट होते ही वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए और देखते ही देखते मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

एसपी बोले- चार लोग 30 प्रतिशत से अधिक झुलसे

जालौन के एसपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि हादसे में कुल 23 लोग घायल हुए हैं। इनमें पांच महिलाएं, पांच पुरुष और 13 बच्चे शामिल हैं। सभी को बर्न इंजरी हुई है। 19 लोगों को 30 प्रतिशत से कम और चार लोगों को 30 प्रतिशत से अधिक झुलसने की चोटें आई हैं। एसपी के मुताबिक अब तक 13 घायलों को बेहतर उपचार के लिए झांसी रेफर किया जा चुका है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सुरेश चंद्र रावत, एएसपी और एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परिजनों से जानकारी ली। एसपी ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सिलेंडर में आग लगने और उसके विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।

शिव-पार्वती की तस्वीर पर सियासी घमासान के बीच संत का राहुल को खुला पत्र, समझाया शिव-शक्ति मिलन का गूढ़ रहस्य

Today Breaking News: एक क्लिक में पढ़ें 23 नवंबर की 10 बड़ी खबरें फटाफट अंदाज में

बिसलेरी के पानी को जांच में क्यों बताया गया असुरक्षित? FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की दी मंजूरी

300 बार पूछें या 500 बार, जवाब नहीं बदलेंगे, सिंधु जल संधि पर सवाल से भड़के पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक

फैसले की आलोचना ठीक, पर पूरी संवैधानिक संस्था को निशाना न बनाएं; हिमाचल में बोले CJI सूर्यकांत