शिव-पार्वती की तस्वीर पर सियासी घमासान के बीच संत का राहुल को खुला पत्र, समझाया शिव-शक्ति मिलन का गूढ़ रहस्य

Shiva Parvati Picture Controversy: राहुल गांधी की शिव-पार्वती की तस्वीर पर सियासी विवाद के बीच स्वामी परात्मानंद सरस्वती ने खुला पत्र लिखकर समझाया शिव-शक्ति का आध्यात्मिक महत्व। पढ़ें पूरी खबर।
rahul-priyanka gandhi
राहुल-प्रियंका गांधीसोर्स-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • स्वामी परात्मानंद सरस्वती ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लिखा खुला पत्र

  • स्वामी ने कहा कि शिव शक्तिमान हैं और माता पार्वती शक्ति का स्वरूप हैं

  • पत्र में अर्धनारीश्वर स्वरूप का उल्लेख करते हुए धार्मिक प्रतीकों को राजनीति से दूर रखने का किया जिक्र

Swami Paramatmanand Letter Rahul Gandhi: राहुल गांधी की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों से लेकर धार्मिक जगत तक चर्चा छेड़ दी है। शिव-पार्वती की तस्वीर को लेकर उठे सवालों के बीच हिंदू धर्म आचार्य सभा के महासचिव स्वामी परात्मानंद सरस्वती ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को खुला पत्र लिखकर इस छवि के पीछे छिपे सनातन दर्शन को समझने की सलाह दी है।

स्वामी ने तस्वीर को राजनीति के चश्मे से देखने के बजाय उसके आध्यात्मिक और दार्शनिक अर्थ को समझने पर जोर दिया है।

असल में 17 नवंबर को राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए ट्वीट कर भगवान शिव और मां पार्वती की एक तस्वीर पोस्ट किया था। इसके बाद से ही सियासी बजानबाजी तेज हो गई है।

rahul-priyanka gandhi
सोनिया गांधी की किताब में MP के पूर्व CM दिग्विजय सिंह का जिक्र, कांग्रेस के अनुभवी नेताओं में किया शामिल

तस्वीर में सिर्फ प्रेम नहीं, सृष्टि का दर्शन भी है

स्वामी परात्मानंद ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि भगवान शिव की गोद में माता पार्वती का विराजमान होना महज एक धार्मिक चित्रण नहीं है। इसके भीतर शिव और शक्ति के उस संबंध का दर्शन छिपा है, जिसे सनातन परंपरा में सृष्टि का मूल आधार माना गया है।

उन्होंने समझाया कि शिव शक्तिमान हैं और माता पार्वती शक्ति का स्वरूप हैं। निराकार और निर्गुण ब्रह्म जब सृष्टि की रचना, पालन और संहार से जुड़ी शक्तियों के साथ प्रकट होता है, तब उसे ईश्वर के रूप में समझा जाता है। इस दर्शन में शिव और शक्ति को अलग-अलग करके देखना संभव नहीं है। शक्ति के बिना शिव की अभिव्यक्ति अधूरी है और शिव से अलग शक्ति का स्वतंत्र अस्तित्व नहीं माना जाता।

rahul-priyanka gandhi
हादसा नहीं, साजिश थी... सोनिया गांधी की किताब में साबरमती अग्निकांड के जिक्र पर राकेश अस्थाना का बड़ा खुलासा

अर्धनारीश्वर में छिपा है एकत्व का संदेश

स्वामी ने अपने पत्र में अर्धनारीश्वर स्वरूप का भी उल्लेख किया। इस स्वरूप में भगवान शिव का आधा शरीर पुरुष और आधा स्त्री के रूप में दिखाई देता है। यह केवल स्त्री-पुरुष के मेल का प्रतीक नहीं, बल्कि शिव और शक्ति की अभिन्नता का दार्शनिक उद्घोष है। सृष्टि की प्रक्रिया में दोनों की अनिवार्यता इस स्वरूप के माध्यम से सामने आती है।

राहुल की पोस्ट पर क्या था स्वामी का संदेश?

दरअसल, सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के वैवाहिक जीवन को लेकर राजनीतिक चर्चाओं के बीच राहुल गांधी ने शिव-पार्वती की तस्वीर साझा की थी। इसके साथ उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए प्रेम, डर, गुस्से और नफरत को लेकर टिप्पणी की थी।

स्वामी परात्मानंद ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि राहुल गांधी इस तस्वीर के जरिए क्या संदेश देना चाहते थे, लेकिन उन्होंने इसके आध्यात्मिक आधार को समझाने के लिए पत्र लिखा है। उनका कहना है कि सनातन धर्म के प्रतीकों को केवल देखकर या उनके बाहरी स्वरूप के आधार पर नहीं समझा जा सकता। उनके वास्तविक अर्थ तक पहुंचने के लिए शास्त्रों, उपनिषदों और गुरु-शिष्य परंपरा का मार्ग अपनाना जरूरी है।

स्वामी का यह पत्र एक अहम सवाल छोड़ता है-क्या हम धार्मिक प्रतीकों को सिर्फ तस्वीरों और राजनीतिक बयानों तक सीमित कर रहे हैं, जबकि उनके भीतर हजारों वर्षों की दार्शनिक परंपरा और जीवन का गहरा सत्य छिपा है?