सड़क हादसे में पांच दोस्तों की मौत
तेज रफ्तार कार ने दोनों बाइकों को टक्कर मारी
हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार
Balrampur Accident Five Friends Death: बलरामपुर में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे में पांच दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी दोस्त दो बाइकों पर सवार होकर घूमने निकले थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार कार ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि पांच युवकों की जान चली गई। टक्कर के बाद कार का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
हादसा जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव में रात करीब 11 बजे हुआ।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11 बजे दोस्त दो बाइकों पर सवार होकर घूमने निकले थे। इसी दौरान अक्सीबड़हरा गांव के पास एक कार ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बाइक सवार उछलकर सड़क से करीब 5 से 10 फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुफरान (18), सलीम (21), रहमत (30), तौफीक (19) और मोहम्मद फारूक (20) के रूप में हुई है। वहीं, मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18) गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का इलाज चल रहा है। सभी बलरामपुर के रहने वाले थे।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, दोनों बाइकों को टक्कर मारने के बाद कार ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे की वजह कोहरा बताया जा रहा है। देर रात कम दृश्यता के कारण यह दुर्घटना हुई।