जौनपुर में हुआ बड़ा हादसा, बेकाबू स्कॉर्पियों ने कई लोगों को रौंदा
मुस्तफाबाद में तेज रफ्तार गाड़ी की चपेट में आने से दो लोगों की गई जान
कई लोग हुए घायल, घटना के बाद मौके पर मची चीख-पुकार
Jaunpur Scorpio Accident: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में आपसी दुश्मनी का खौफनाक मंजर देखने को मिला। यहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कई लोगों को रौंद दिया। इस घटना में 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना जौनपुर जिला के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के चक मुस्तफाबाद गांव में बुधवार सुबह करीब आठ बजे घटी। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में चाची और चचेरे भाई की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने इलाके में मोर्चा संभाल लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। हादसे में मृतक और घायल सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं।
मामले के बारे में बताया जा रहा है कि दो भाई महेंद्र व मनोज यादव के बीच ज़मीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों में बुधवार को भी झगड़ा हुआ। इस दौरान महेंद्र का बेटा स्कार्पियो से लोगों के बीच पहुंच उन्हें रौंद दिया।
हादसे में 20 वर्षीय अमित यादव और 40 वर्षीय इंदु देवी की मौत हो गई। वहीं, 22 वर्षीय साहब लाल, 24 वर्षीय विलेश यादव, 45 वर्षीय राजकुमार, 45 वर्षीय मनोज यादव, 65 वर्षीय राजनाथ यादव, सनी यादव और किशन यादव के घायल होने का मामला आया है। डीएम उमेश मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। जौनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।