Hioghlights:
युवती को टंकी पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मची
पांच साल पहले तय हुई थी युवती की शादी
पुलिस ने समझाकर युवती को टंकी से नीचे उतारा
Kaushambi Girl High Voltage Drama: कौशाम्बी में पिपरी थाना क्षेत्र के मखऊपुर गांव में शनिवार सुबह शादी से इनकार किए जाने से आहत एक 23 वर्षीय युवती पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। युवती को टंकी पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पिपरी थाना पुलिस ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, सराय अकिल थाना क्षेत्र के डाहिया गांव निवासी सुखलाल की 23 वर्षीय पुत्री अनूपा की करीब पांच साल पहले सराय अकिल के बरदहाई मोहल्ला निवासी रामचंद्र के पुत्र अवधेश से सगाई हुई थी। सगाई के बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होती थी। आरोप है कि शनिवार को मोबाइल फोन पर अवधेश की ओर से शादी से इनकार कर दिया गया। इससे आहत होकर अनूपा सुबह करीब 11 बजे मखऊपुर गांव पहुंची और ग्राम न्यायालय के पास स्थित पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई।
युवती को पानी की टंकी पर चढ़ा देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। टंकी पर युवती की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने जल्दबाजी के बजाय बातचीत और समझाने का रास्ता अपनाया। इस दौरान महिला आरक्षी ने भी युवती से संवाद कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी प्रयास के बाद युवती मान गई और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उसके परिजनों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया। घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस की सूझबूझ और महिला आरक्षी की भूमिका से स्थिति को संभाल लिया गया।