एक किलोमीटर तक फैला आग का धुआं
जान जोखिम में डालकर अग्निशमन कर्मियों ने किया रेस्क्यू
अपनों को सुरक्षित देख छलके खुशी के आंसू
डीसीपी ने अग्निशमन कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
DCP Boosts Firefighters Morale: कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन के पुलिस उपायुक्त एस एम कासिम आबिदी ने अपनी जान की बाजी लगाकर 25 से ज्यादा आम लोगों की जान बचाने वाले अग्निशमन पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। डीसीपी ने पुलिसकर्मियों के साहस, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह सराहनीय कार्य सभी के लिए प्रेरणादायक है।
कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बहुमंजिला शोरूम में आग लगने से हड़कंप मच गया था। इस दौरान कई लोग शोरूम में खरीदारी करने आए थे वे शोरूम में ही फंस गए थे। वहीं शोरूम का स्टाफ और शोरूम के ऊपर स्थित होटल के भी लोग शोरूम में फंसे हुए थे शोरूम के बेसमेंट से शुरू हुई आग ने धीरे-धीरे पूरी इमारत को अपने आगोश में ले लिया था। चारों तरफ से सिर्फ धुआं ही धुआं दिखाई दे रहा था। धुएं का गुबार इतना था कि आसमान में काले बादल की तरह धुंआ छा गया था।
वहीं अंदर फंसे लोगों की जान बचाना पुलिस के लिए पहली प्राथमिकता थी लेकिन इसके लिए पुलिस को अग्निशमन विभाग की सहायता लेनी पड़ी और अत्याधुनिक आग बुझाने के यंत्र लेकर अपनी जान की बाजी लगाकर अग्निशमन के पुलिसकर्मी धुएं के बीच से होते हुए बहुमंजिला इमारत में प्रवेश कर गए और सबसे पहले 25 से अधिक लोगों की जान बचाई गई।इसके बाद लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन की टीम ने इमारत में लगी आग पर काबू पाया था।
18 सितंबर 2026 को मैक्स शोरूम में लगी आग का धुआं आसपास के लगभग 1 किलोमीटर के क्षेत्र में फैल गया था। शोरूम के आसपास खड़े लोग धुएं की वजह से सांस लेने में दिक्कत महसूस कर रहे थे। वहीं शोरूम के बाहर खड़े परिजन जिनके अपने इस आग में फंसे हुए थे उनका रो-रोकर बुरा हाल था। उनको सिर्फ एक ही आश थी कि किसी तरह उनके अपने इस धुएं के बीच से सकुशल बाहर निकल आए।
इसी बीच जब अग्निशमन के पुलिसकर्मी इस भयावह अग्निकांड के बीच से लोगों को सुरक्षित लेकर बाहर निकलने लगे तो चारों तरफ हर चेहरे पर सिर्फ खुशी के आंसू देखे गए।अपनी जान की बाजी लगाकर पुलिसकर्मियों ने 25 से अधिक लोगों को इस अग्निकांड में सुरक्षित बचाकर बाहर निकाल लिया। इमारत तो पूरी तरह से धुएं के आगोश में हो चुकी थी लेकिन जब लोग सुरक्षित बाहर निकले तो मौजूद स्थानीय पुलिस ने भी चैन की सांस ली।
कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन के पुलिस उपायुक्त एस एम कासिम आबिदी ने बुधवार को अपनी जान की बाजी लगाकर इस भीषण अग्निकांड में 25 से अधिक नागरिकों की जान बचाने वाले अग्निशमन पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने बताया की 18 सितंबर 2026 को कल्याणपुर क्षेत्र में मैक्स शोरूम एवं होटल सनवर्ड में भीषण अग्निकांड के दौरान अदम्य साहस, सूझबूझ एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए घने जहरीले धुएं और अत्यधिक गर्मी के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा करोड़ों रुपए की संपत्ति को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अग्निशमन पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया है तथा उनके उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की गई है।