हाथों में जागरूकता के संदेश, सड़क पर यमराज और चित्रगुप्त का अनोखा अंदाज
सीपरी बाजार में स्कूली बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली
नियम तोड़ने वालों को दिखाया हादसों का आईना
Traffic Rules Awareness Rally Jhansi: सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों को मौत का मंजर दिखाने के लिए इस बार यमराज को खुद धरती पर उतरना पड़ा। उनके साथ चित्रगुप्त भी अपने बहीखाते के साथ पहुंचे। किसी ने हेलमेट पहना तो यमराज ने गुलाब का फूल देकर उसकी हौसला अफजाई की, जबकि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों का हिसाब-किताब चित्रगुप्त ने अपनी बही में दर्ज किया। झांसी के सीपरी बाजार में इस अनोखे अंदाज में लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।
शासन के निर्देश पर नवंबर माह में चलाए जा रहे यातायात माह और सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 2026 के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जैकब हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को सीपरी बाजार क्षेत्र में विशाल जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी यातायात रामवीर सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधक सैमसन जैकब ने की, जबकि निरीक्षक यातायात देवेंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
रैली में शामिल स्कूली बच्चों के हाथों में यातायात नियमों से जुड़ी स्लोगन लिखी तख्तियां थीं। बच्चों ने बाजार क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति में वाहन चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने का संदेश दिया। हालांकि, इस रैली का सबसे आकर्षक और चर्चा में रहने वाला दृश्य यमराज और चित्रगुप्त की वेशभूषा में पहुंचे कलाकार रहे।
यमराज ने लोगों को समझाया कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। हेलमेट लगाकर चलने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। वहीं, बिना हेलमेट और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को चित्रगुप्त के बहीखाते के जरिए प्रतीकात्मक रूप से उनके कर्तव्यों का एहसास कराया गया।
कार्यक्रम का संयोजन ट्रैफिक चीफ वार्डन एवं सड़क सुरक्षा समिति की सदस्य डॉ. प्रगति शर्मा ने किया। इस दौरान दीपशिखा शर्मा, ट्रैफिक विभाग से हिमांशु कुमार, विद्यालय के धीरज सर, हेमंत, सतीश शर्मा सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।