तीन मौतों के बाद भी नहीं सुधरे हालात! ट्रैफिक माह में नवभारत रियलिटी चेक, झांसी में खुली सड़क सुरक्षा की पोल!

Jhansi Traffic Month: रियलिटी चेक में पता चला कि पुलिस कार्रवाई के बाद इन वाहनों को यहां खड़ा किया गया है। सवाल है कि व्यस्त सड़क के किनारे खड़े ऐसे भारी वाहन कहीं दूसरे हादसे का कारण तो नहीं बन सकते?
Jhansi Traffic Month November
झांसी यातायात माह नवंबर(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • तीन युवकों की दर्दनाक मौत के बाद भी नहीं बदले हालात

  • केवल चालान काटना नहीं बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है विभाग का काम

  • कब शहर को जाम और सड़कों पर खतरनाक तरीके से खड़े वाहनों से मिलेगी निजात?

Navbharat Reality Check: झांसी में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आती है। हाल ही में सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराकर बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। नवंबर यातायात जागरूकता माह है, लेकिन शहर की सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहन, रॉन्ग साइड दौड़ते दोपहिया और जगह-जगह लगने वाला जाम व्यवस्था की तस्वीर बयां कर रहा है। नवभारत की टीम ने सड़कों पर उतरकर किया ट्रैफिक व्यवस्था का रियलिटी चेक।

झांसी की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी यातायात पुलिस के कंधों पर है। विभाग का काम सिर्फ नियम तोड़ने वालों के चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना और यातायात को सुचारु बनाना भी है। लेकिन शहर की सड़कों पर हालात इन दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Jhansi Traffic Month November
झांसी यातायात माह नवंबर(सोर्स: नवभारत लाइव)

नवभारत ने की सड़कों की पड़ताल

हाल ही में झांसी-ललितपुर मार्ग पर रक्सा बाईपास के राजापुर के पास सड़क किनारे खड़े डंपर से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई थी। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद नवभारत की टीम ने शहर और आसपास की सड़क सुरक्षा की पड़ताल की।

इलाइट चौराहे के पास नवाबाद थाने के सामने सड़क किनारे बड़े ट्रक खड़े मिले। जानकारी करने पर पता चला कि पुलिस कार्रवाई के बाद इन वाहनों को यहां खड़ा किया गया है। सवाल यह है कि व्यस्त सड़क के किनारे खड़े ऐसे भारी वाहन कहीं दूसरे हादसे का कारण तो नहीं बन सकते?

Jhansi Traffic Month November
UP Police AI Traffic System: प्रयागराज बना प्रदेश का सबसे बेहतर मॉडल, एआई तकनीक से बदली यातायात व्यवस्था

रॉन्ग साइड पर खड़े वाहन बनते हैं जाम का कारण

कचहरी से बस स्टैंड की ओर बढ़ने पर तालपुरा और हैवट मार्केट के बीच मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना की बसें सड़क पर खड़ी मिलीं। इसी रास्ते पर दोपहिया वाहन रॉन्ग साइड आते-जाते नजर आए। आगे बस स्टैंड क्षेत्र में भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित मिली, जबकि मेडिकल क्षेत्र में जाम की स्थिति दिखाई दी।

झांसी-कानपुर हाईवे पर गोरामछिया के पास सड़क किनारे लाइन से खड़े कई ट्रक भी नजर आए, जो तेज रफ्तार वाहनों के लिए खतरा बन सकते हैं।

Jhansi Traffic Month November
झांसी यातायात माह नवंबर(सोर्स: नवभारत लाइव)

आखिर कब मिलेगा छुटकारा ?

जानकारी के अनुसार यातायात विभाग में करीब 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिनमें छः इंस्पेक्टर, 12दरोगा, 34 हेड कांस्टेबल, 34 कांस्टेबल और 3 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसके बावजूद सवाल वही है—क्या यातायात व्यवस्था सिर्फ चालान तक सीमित है, या फिर शहर को जाम और सड़कों को खतरनाक तरीके से खड़े वाहनों से भी निजात मिलेगी?

Jhansi Traffic Month November
प्रयागराज में चौड़ी सड़कें और फ्लाईओवर भी बेअसर, अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग से बिगाड़ी यातायात व्यवस्था