Highlights:
चूहे को रस्सी से बांधकर गेट पर लटकाया और फिर आग के हवाले कर दिया
चार मुस्लिम युवकों पर FIR दर्ज
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दिल दहला देने वाला वीडियो
पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
Jhansi Animal Cruelty Case: झांसी में बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों ने एक चूहे को पकड़कर उसके साथ ऐसी अमानवीय हरकत की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक पहले चूहे को रस्सी से बांधते हैं और फिर उसे एक गेट पर लटका देते हैं।
आरोप है कि इसके बाद युवकों ने चूहे के ऊपर पेट्रोल डाला और आग लगा दी, इस पूरी घटना को आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया,इतना ही नहीं, वीडियो को सोशल मीडिया पर भी वायरल किया गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया, वायरल वीडियो में बेजुबान जीव के साथ की गई क्रूरता देखकर लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की, पुलिस ने जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आसिफ कुरैशी और सफीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, चारों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं इस मामले में सीओ सिटी प्रिया सिंह बताती हैं कि सोशल मीडिया से एक वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें एक जिंदा चूहे को ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसको जलाने की घटना सामने आई थी, इस वीडियो को संज्ञान में लेते हुए थाना शहर कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल इस प्रकरण के संबंध में 319/26 मुकदमा पंजीकृत किया गया है,अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है..
इस घटना ने एक बार फिर बेजुबान जानवरों के प्रति संवेदनशीलता और उनके साथ होने वाली क्रूरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज मनोरंजन और वीडियो बनाने के लिए किसी जीव को इस तरह प्रताड़ित करने की घटना से पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
रिपोर्ट- आकाश साहू