15 से 20 जिलों से हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना
संविधान को कमजोर करने वालों के खिलाफ पदयात्रा
यह पदयात्रा व्यापक स्तर पर होगी आयोजित
BJP Foot March: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में चार नवंबर को गोरखपुर में प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए पार्टी संगठन जुटा है। इस बीच गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने पदयात्रा को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए इसे संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय एकता के समर्थन में जनजागरण का अभियान बताया है।
सांसद रवि किशन ने कहा कि इस पदयात्रा के माध्यम से उन ताकतों के खिलाफ जनता के बीच आवाज बुलंद की जाएगी, जो संविधान को कमजोर करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता के पक्ष में जनसंदेश देने का माध्यम बनेगा। पदयात्रा को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे।
रवि किशन के मुताबिक, इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के 15 से 20 जिलों से हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। पार्टी का प्रयास है कि अलग-अलग जिलों से आने वाले कार्यकर्ताओं की भागीदारी के जरिये कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि जनता संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ काम करने वालों को अपने तरीके से जवाब देगी।
सांसद ने विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस तरह रिजीम चेंज और दंगों के जरिए देश का माहौल बिगाड़ने की कोशिशों की बात सामने आ रही है, उस पर भी पदयात्रा के दौरान जनता के बीच चर्चा होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें देश की सामाजिक एकता को प्रभावित करने का प्रयास कर रही हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि पदयात्रा का मूल संदेश राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है। देश विरोधी गतिविधियों और अराजकता फैलाने वाली ताकतों के खिलाफ यह आयोजन एक मजबूत संदेश देगा। चार नवंबर को गोरखपुर की सड़कों पर उतरने वाली इस पदयात्रा को भाजपा मिशन-2027 से पहले पूर्वांचल में संगठनात्मक सक्रियता और जनसंपर्क के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।