

Highlights:
दुनिया में सबसे ज्यादा हिंदू आबादी वाले टॉप-10 देशों की सूची।
नेपाल, भारत और मॉरीशस में हिंदू आबादी का प्रतिशत।
टॉप-10 में शामिल एकमात्र मुस्लिम बहुल देश कतर की स्थिति।
Hindu Population Countries in World: हिंदू धर्म दुनिया के सबसे पुराने धर्मों में से एक है। इसकी शुरुआत भारतीय उपमहाद्वीप से हुई और समय के साथ यह दुनिया के कई देशों तक पहुंचा। ऐसे में आज हम जानने का प्रयास करेंगे कि दुनिया के किन देशों में हिंदुओं की आबादी सबसे ज्यादा हैं? और यदि है तो उस देश का कितना प्रतिशत?
डेटापांडास साइट के मुताबिक, नेपाल की कुल आबादी में 80.6 फीसदी हिंदू हैं। इस तरह नेपाल दुनिया का वह देश है, जहां आबादी के अनुपात में सबसे ज्यादा हिंदू रहते हैं। नेपाल में हिंदू धर्म का प्रभाव वहां की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक स्थलों में भी दिखाई देता है। यहां बड़ी संख्या में मंदिर और धार्मिक स्थल मौजूद हैं।
वहीं इस सूची में भारत 78.9 फीसदी हिंदू आबादी के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत को हिंदू धर्म की जन्मस्थली माना जाता है। यहां की संस्कृति, दर्शन, त्योहार और परंपराओं पर हिंदू धर्म का गहरा प्रभाव है।
डेटापांडास साइट के अनुसार तीसरे स्थान पर हिंद महासागर का द्वीपीय देश मॉरीशस है। यहां की कुल आबादी में 48.4 फीसदी हिंदू हैं। चौथे नंबर पर फिजी है, जहां 27.9 फीसदी आबादी हिंदू धर्म को मानती है। दक्षिण अमेरिका का गुयाना 23.3 फीसदी हिंदू आबादी के साथ पांचवें स्थान पर है।
छठे नंबर पर भूटान है, जहां 22.5 फीसदी हिंदू रहते हैं। इसके बाद त्रिनिदाद और टोबैगो का नंबर आता है। यहां हिंदुओं की आबादी 22.3 फीसदी है। दक्षिण अमेरिका का सूरीनाम 18.8 फीसदी के साथ आठवें स्थान पर है।
इस सूची में कतर नौवें स्थान पर है। यहां कुल आबादी में 15.9 फीसदी हिंदू हैं। वहीं, श्रीलंका 13.7 फीसदी हिंदू आबादी के साथ दसवें स्थान पर है। इन आंकड़ों से पता चलता है कि हिंदू धर्म का विस्तार केवल दक्षिण एशिया तक सीमित नहीं है, बल्कि कैरेबियाई देशों और अफ्रीका के आसपास के द्वीपीय क्षेत्रों तक भी इसकी मजबूत मौजूदगी है।