Highlights:
विधानसभा चुनाव की तैयारी मे जुटी भाजपा
नितिन नवीन के दौरे से पहले गोरखपुर पहुंचे पंकज चौधरी
पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बनाई रणनीति
‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों पर चर्चा
Nitin Nabin Gorakhpur Visit: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगामी चार नवंबर को प्रस्तावित गोरखपुर दौरे को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में रविवार को उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी गोरखपुर पहुंचे।
उन्होंने रानीडीहा स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर संगठन की तैयारियों, पदयात्रा की रूपरेखा और जनभागीदारी बढ़ाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
चार नवंबर को गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा प्रस्तावित है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस कार्यक्रम को लेकर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने स्थानीय संगठन के साथ तैयारियों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में इस बात पर जोर रहा कि कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें पार्टी के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। पदयात्रा को व्यापक स्वरूप देने के साथ इसके संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की सामूहिक शक्ति और उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संगठन की सामूहिक शक्ति, देवतुल्य कार्यकर्ताओं का समर्पण और जनसहभागिता ही हमारे संकल्पों की सबसे बड़ी ताकत है। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित से जुड़े संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य होना चाहिए। इसके लिए एकजुट होकर काम करने की जरूरत है।
भाजपा के इस आयोजन को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। चुनाव से पहले पार्टी के सामने संगठन को सक्रिय रखने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और जनता के बीच अपनी गतिविधियों को विस्तार देने की चुनौती है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का गोरखपुर दौरा और उससे पहले प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में हुई बैठक संगठनात्मक दृष्टि से अहम है।
गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद होने के साथ पूर्वांचल की राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। ऐसे में यहां होने वाले कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन की तैयारियां चर्चा में हैं। अब चार नवंबर को प्रस्तावित पदयात्रा पर सबकी निगाहें रहेंगी।
रिपोर्ट:- अनुराग मिश्रा