आगरा की नई खेल पहचान बनेगी ‘पंजाब शेरनीज’, प्रो वॉलीबॉल में दिखेगा दम, इस दिन से होंगे मुकाबले

Women Pro Volleyball League: आगरा की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अब एक नया मंच मिल रहा है। ‘वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग’ के पहले सीजन में ‘पंजाब शेरनीज’ की टीम भी हिस्सा लेगी।
Agra Women Volleyball
आगरा की बेटियों को मिलेगा प्रो वॉलीबॉल का मंच(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • आगरा की बेटियों को मिलेगा प्रो वॉलीबॉल का मंच

  • ताजनगरी का खेल जगत में बढ़ेगा रुतबा

  • 11 से 21 नवंबर तक होंगे मुकाबले

Agra Women Volleyball: आगरा की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अब एक नया पेशेवर मंच मिलने जा रहा है। महिला वॉलीबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू हो रही ‘वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग’ के पहले सीजन में ‘पंजाब शेरनीज’ की टीम भी हिस्सा लेगी।

खास बात यह है कि इस टीम की फ्रेंचाइजी के सह-स्वामी आगरा से जुड़े हैं। इससे महिला खेलों को बढ़ावा मिलने के साथ आगरा का नाम भी खेल जगत में जुड़ रहा है।

रविवार को कैलाशपुरी, सिकंदरा स्थित होटल भावना क्लार्क्स इन में पंजाब शेरनीज की फ्रेंचाइजी, खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ का परिचय कराया गया। इस दौरान टीम की आधिकारिक टी-शर्ट और लोगो का भी अनावरण किया गया।

11 से 21 नवंबर तक होंगे मुकाबले

पॉवर स्पाइक इंटरनेशनल की ओर से आयोजित वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग का पहला सीजन 11 से 21 नवंबर 2026 तक लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। आईपीएल और प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर होने वाली इस प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा लेंगी। लीग में कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे।

फ्रेंचाइजी के सह-स्वामी इन्द्रेश प्रताप सिंह ने बताया कि लीग का मुख्य उद्देश्य महिला वॉलीबॉल को पहचान दिलाना और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए पेशेवर मंच देना है। सभी मैचों का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर प्रतिदिन शाम पांच बजे से किया जाएगा।

टीम में 12 खिलाड़ी शामिल

पंजाब शेरनीज ने 12 खिलाड़ियों की टीम तैयार की है। इसमें भारतीय खिलाड़ियों के साथ ईरान की खिलाड़ी सेतायेश शबानी भी शामिल हैं। टीम की आइकन प्लेयर जूही शॉ हैं, जिन्होंने ऑनलाइन माध्यम से सभी खिलाड़ियों का परिचय कराया।

टीम में कविता, भूमिका ए.आर., मारिया सेबास्टियन, गोपिका गुणसेकरन, अल्पना तेतरवाल, अल्ना राज, आकांक्षा बनाफर, वेदिका शिंदे, ईशा, पायल बिस्वास, सेतायेश शबानी और अनन्या श्री पुजारी शामिल हैं।

कविता और आकांक्षा बनाफर यूनिवर्सल खिलाड़ी के रूप में खेलेंगी। भूमिका ए.आर., वेदिका शिंदे और सेतायेश शबानी मिडिल ब्लॉकर की जिम्मेदारी संभालेंगी। मारिया सेबास्टियन सेटर, जबकि अल्ना राज और पायल बिस्वास लिबेरो की भूमिका में रहेंगी। वहीं, गोपिका गुणसेकरन, अल्पना तेतरवाल, ईशा और अनन्या श्री पुजारी काउंटर अटैकर के रूप में टीम को मजबूती देंगी।

Agra Women Volleyball
क्रिकेट सिखाओ, आगे बढ़ाओ...पसीना बहाकर भारतीय टीम की दहलीज तक पहुंचने को बेताब हैं आगरा की बेटियां

आगरा के खेलप्रेमियों को जोड़ने की कोशिश

फ्रेंचाइजी के को-ओनर आशु भदौरिया ने कहा कि आगरा के खेलप्रेमियों को महिला वॉलीबॉल से जोड़ना और उनकी भागीदारी बढ़ाना टीम की प्राथमिकता है।

फ्रेंचाइजी की को-ओनर और सीईओ प्रमुग्धा सोलंकी ने कहा कि इस लीग से बेटियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

टीम के मानद सलाहकार सुशील यादव ने कहा कि पंजाब शेरनीज युवा खिलाड़ियों, टीम भावना और अच्छे प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। वहीं, को-ओनर मधुर लाहोटी ने खेलप्रेमियों से लीग के मुकाबले देखने और महिला खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

अनुभवी कोचिंग स्टाफ संभालेगा जिम्मेदारी

टीम के मुख्य प्रशिक्षक नरेश कुमार होंगे। प्रियंका बोरा सहायक प्रशिक्षक और सुमित छोकर ट्रेनर की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के बेहतर तालमेल से टीम लीग में अच्छा प्रदर्शन करेगी।

प्रेस वार्ता में साइंटिफिक पैथोलॉजी के एमडी डॉ. अशोक शर्मा, कवि पवन आगरी सहित फ्रेंचाइजी के सह-स्वामी इन्द्रेश प्रताप सिंह, आशु भदौरिया, प्रमुग्धा सोलंकी और मधुर लाहोटी ने संयुक्त रूप से टीम की टी-शर्ट और लोगो का अनावरण किया।

इस मौके पर सीए शरद पालीवाल, शनि भदौरिया, सचिन सिकरवार, राज चौधरी, यतेश कुमार सिंह, राजीव शर्मा, दिनेश चौधरी, विपिन रावत, अचिन्त्य शर्मा, अजय शर्मा और ब्रजेश शर्मा भी मौजूद रहे।

महिला वॉलीबॉल को पेशेवर पहचान दिलाने की यह पहल खिलाड़ियों के लिए नए अवसर लेकर आएगी। वहीं, पंजाब शेरनीज के साथ आगरा का जुड़ाव शहर के खेलप्रेमियों के लिए भी खुशी और गर्व की बात है।

Agra Women Volleyball
72वीं नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में 1000 से ज्यादा खिलाड़ी और 58 टीमें, जानिए किस ग्रुप में कौन?