भाजपा सांसद ने अमित शाह की फोटो पोस्‍ट की  (सोर्स- सोशल मीडिया)
गोरखपुर

अमित शाह की छाते वाली फोटो, चार शब्द और यूपी की सियासत में हलचल, भाजपा सांसद की पोस्ट के क्या हैं मायने?

UP Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत में भाजपा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने हलचल बढ़ा दी है। उन्‍होंने गृहमंत्री अमित शाह की फोटो पोस्‍ट कर उनकी तारीफ की है।

रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • अमित शाह को बताया दुनिया का सबसे ताकतवर गृहमंत्री

  • राधा मोहन अग्रवाल ने 'अपना हाथ जगन्नाथ' लिखकर बढ़ाई सियासी चर्चा

  • 2027 के चुनाव से पहले भाजपा की अंदरूनी राजनीति में चर्चा तेज

Amit Shah Viral Photo: राजनीति में हर बात सीधे तौर पर नहीं कही जाती। कई बार तारीफ के शब्दों में भी ऐसे संकेत छिपे होते हैं, जिनके राजनीतिक मायने तलाशे जाने लगते हैं। उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल की एक सोशल मीडिया पोस्ट इसी वजह से चर्चा में है।

गोरखपुर से आने वाले अग्रवाल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की एक तस्वीर साझा करते हुए उनकी सादगी और आत्मनिर्भरता की तारीफ की है। लेकिन पोस्ट में इस्तेमाल किए गए शब्दों और तस्वीर के चयन ने राजनीतिक गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

बारिश के बीच शाह की छाते वाली फोटो की चर्चा

दरअसल, 30 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित भाजपा उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।

उस समय बारिश हो रही थी। इसी दौरान की एक तस्वीर डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने एक्स पर साझा की है।

'अपना हाथ जगन्नाथ', पोस्ट में शाह की सादगी का जिक्र

फोटो के साथ उन्होंने लिखा, 'अपना हाथ जगन्नाथ। ये हैं पूरी दुनिया के सबसे ताकतवर गृहमंत्री! अमित शाह। सादगी और आत्मनिर्भरता देखिए, अपना काम खुद ही करने में विश्वास रखते हैं।'

अब इस पोस्ट के शब्दों पर गौर कीजिए। अमित शाह को दुनिया का सबसे ताकतवर गृहमंत्री बताने के बाद उनकी सादगी और आत्मनिर्भरता को विशेष रूप से रेखांकित करना और फिर 'अपना हाथ जगन्नाथ' लिखना, सामान्य प्रशंसा से कुछ अलग चर्चा का विषय बन गया है।

अग्रवाल की पोस्ट के मायने अहम

डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल की राजनीतिक पहचान भी इस पोस्ट को महत्वपूर्ण बनाती है। वह गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से कई बार विधायक रह चुके हैं। यह वही विधानसभा क्षेत्र है, जिसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं।

डॉ. अग्रवाल फिलहाल उत्तर प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं। वह पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं और राजनीतिक हलकों में केंद्रीय नेतृत्व के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं।

तारीफ या भाजपा के भीतर कोई अप्रत्यक्ष राजनीतिक संदेश?

सबसे दिलचस्प बात यह है कि पोस्ट में राधा मोहन दास अग्रवाल ने किसी दूसरे नेता का नाम लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है। न ही उन्होंने किसी तरह की तुलना स्पष्ट रूप से की है। इसके बावजूद 'सादगी', 'आत्मनिर्भरता' और 'अपना काम खुद करने' जैसे शब्दों के राजनीतिक निहितार्थ तलाशे जा रहे हैं।

खासकर इसलिए क्योंकि फोटो में अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ अमित शाह के व्यक्तित्व की प्रशंसा है या फिर भाजपा के भीतर नेतृत्व की कार्यशैली को लेकर कोई अप्रत्यक्ष संदेश देने की कोशिश?

2027 के चुनाव से पहले पोस्ट ने बढ़ाई सियासी चर्चा

हालांकि, इसे किसी नेता पर तंज या पार्टी के भीतर किसी मतभेद का संकेत मानने का कोई प्रत्यक्ष आधार नहीं है। लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक और उसके तुरंत बाद सामने आई इस पोस्ट ने चर्चा जरूर शुरू कर दी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि छाते वाली फोटो के बहाने डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल आखिर क्या कहना चाहते हैं? क्या यह अमित शाह की सादगी की सहज प्रशंसा है या फिर तारीफ के इन शब्दों में भी कोई राजनीतिक संदेश छिपा है? फिलहाल सांसद ने अपनी पोस्ट में इसका कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है, लेकिन उनके चार शब्द- 'अपना हाथ जगन्नाथ' उत्तर प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय जरूर बन गए हैं।

रिपोर्ट- अनुराग मिश्रा

Delhi Rally Live: रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली, राहुल ने CEC पर वोट चोरी का लगाया गंभीर आरोप

India Bloc Railly: रामलीला मैदान से राहुल गांधी ने क्या-क्या कहा? भाषण की 10 बड़ी बातें

Ramlila Maidan History: कभी तालाब था रामलीला मैदान, नेहरू से जेपी और अन्ना आंदोलन तक की कहानी

अब अर्नब के बाद मुरासु का खतरा, 2 और 3 नवंबर को इन राज्यों में बारिश का हाई अलर्ट

हम रिजीम चेंज की ओर बढ़ रहे हैं... दिल्ली में INDIA ब्लॉक की मेगा रैली में संजय राउत का कड़ा हमला