डीएम संतोष कुमार शर्मा ने पोर्टल पर शिकायत निस्तारण की जानी हकीकत
शिकायतकर्ताओं से डीएम ने लिया फीडबैक
लापरवाही मिलने पर अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
Grievances Resolution Reality Exposed: सरकारी दफ्तरों में जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। कई बार शिकायतों पर कार्रवाई किए बिना ही पोर्टल पर निस्तारण की आख्या अपलोड कर दी जाती है। लेकिन अब शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा खुद मैदान में उतर आए हैं। उन्होंने आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की हकीकत जानने के लिए सीधे फरियादियों को फोन मिलाया। फोन पर जिलाधिकारी का परिचय था- 'हैलो, मैं डीएम फिरोजाबाद बोल रहा हूं।'
जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर पूछा कि उनकी समस्या का समाधान हुआ या नहीं? संबंधित विभाग के अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया अथवा नहीं? शिकायत के निस्तारण से वे संतुष्ट हैं या अभी भी समस्या बरकरार है? इस दौरान उन्होंने शिकायतों पर हुई कार्रवाई का फीडबैक स्वयं प्राप्त किया और पोर्टल पर दर्ज निस्तारण की वास्तविकता परखी।
शिकायतकर्ताओं से बातचीत के दौरान जिन मामलों में निस्तारण लंबित मिला या संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली में लापरवाही सामने आई, उन्हें जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
फिरोजाबाद डीएम संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनशिकायतों का निस्तारण महज पोर्टल पर आख्या अपलोड करने की औपचारिकता नहीं है। शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही किसी शिकायत के वास्तविक निस्तारण का सबसे बड़ा पैमाना है। प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी की इस पहल से उन अधिकारियों की जवाबदेही तय होने का संदेश गया है, जो शिकायतों के निस्तारण को केवल कागजी प्रक्रिया मानकर चलते हैं।