फिरोजाबाद में रेप के आरोपी सगे भाइयों का एनकाउंटर, खेत में गंभीर हालत में मिली थी लड़की

Firozabad Police Encounter: फिरोजाबाद में 16 वर्षीय किशोरी से रेप और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
Firozabad Police Encounter
रेप के आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद पकड़ लिया। (सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • फिरोजाबाद में 16 वर्षीय किशोरी से रेप के बाद हमला

  • पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया

  • दो अवैध तमंचे, कारतूस, बिना नंबर की बाइक बरामद किया

Firozabad Minor Girl Rape Case: फिरोजाबाद में 16 वर्षीय किशोरी से रेप और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषि और जगत के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले में एक अन्य आरोपी की भी तलाश कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, बिना नंबर की बाइक और किशोरी का मोबाइल बरामद किया है।

Firozabad Police Encounter
कानपुर में रिश्ते हुए कलंकित; DCP कार्यालय पहुंची पीड़िता की मां, नाना-नानी, मामा-मामी समेत 10 आरोपी नामजद

खेत में गंभीर हालत में मिली किशोरी

घटना थाना खैरगढ़ क्षेत्र के एक गांव की है। शनिवार शाम करीब 7 बजे किशोरी घर से बाहर गई थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

रविवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों को किशोरी घर से लगभग 350 मीटर दूर सब्जी के खेत में गंभीर हालत में मिली। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

एसएसपी फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के मुताबिक, किशोरी की हालत गंभीर है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

पांच पुलिस टीमों ने शुरू की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस समेत पांच टीमें बनाकर जांच शुरू की। शुरुआत में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान रेप मामले के साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।

जांच के दौरान नगला सकटू निवासी ऋषि और उसके भाई जगत के नाम सामने आए। रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों नगला रमिया से हाईवे की ओर जाने वाले रास्ते पर हैं। इसके बाद खैरगढ़ और मक्खनपुर पुलिस के साथ एसओजी व सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने उनके पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, सैमसंग कीपैड मोबाइल और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।

तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस

पुलिस की जांच में एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। मुख्य आरोपी ऋषि के खिलाफ पहले भी मारपीट और बलवे से जुड़े मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है।

Firozabad Police Encounter
अपराधियों के मन में मौत का डर जरूरी... दिल्ली में रेप की घटनाओं पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, पुलिस को दिए आदेश