Gas Cylinder Blast Agra: थाना एकता क्षेत्र के खेड़ा पचगाई गांव में बुधवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया। हादसे में मकान की दीवारों और दरवाजों को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि घर में मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी उदयभान पुत्र राधेश्याम के मकान में सुबह चाय बनाने के लिए गैस पर सिलेंडर रखा हुआ था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।
धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान की दीवारों और दरवाजों के हिस्से दूर जा गिरे। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। घर के भीतर मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।