बिजलीघर पर महिला का पर्स उड़ाकर पांच सोने की अंगूठी, चेन और मंगलसूत्र किया था पार
दो महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी भी हिरासत में
नशे की जरूरत पूरी करने के लिए इस तरह की घटनाओं को देते थे अंजाम
Agra Police Busted Pickpocket Gang: ताजनगरी आगरा में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगरा पुलिस लगातार कार्रवाई करती हुई दिखाई दे रही है, लेकिन शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में टप्पेबाज और शातिर चोर लगातार सक्रिय हैं। भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाकर उनके पर्स और कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
इसी कड़ी में थाना रकाबगंज पुलिस ने बिजलीघर क्षेत्र में महिला के पर्स से सोने के जेवरात चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है।
दरअसल, बीते 22 नवंबर को थाना रकाबगंज क्षेत्र के बिजलीघर में एक महिला का पर्स चोरी कर लिया गया था। पर्स में पांच सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र और अन्य सामान रखा हुआ था। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना रकाबगंज में मुकदमा संख्या 220/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों को लगाया गया।
सदर सर्किल की सहायक पुलिस आयुक्त अमीषा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की गईं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में विजय, हिमांशु और दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है, जिसे नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि गिरोह में शामिल बाल अपचारी गिरफ्तार महिला आरोपियों में से एक का भतीजा है। एसीपी अमीषा के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने से पहले बाल अपचारी की मौसी और मौसा संबंधित क्षेत्र में रेकी करते थे। इसके बाद बाल अपचारी को महिला के पर्स से सामान चोरी करने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद बाल अपचारी मौके से भाग जाता था और गिरोह के अन्य सदस्य भी क्षेत्र से निकल जाते थे।
सहायक पुलिस आयुक्त सदर / ACP के मुताबिक, बाल अपचारी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के अन्य सदस्य उसे इस काम में इस्तेमाल करते थे। रिश्तों की आड़ में अपराध का यह तरीका सामने आने के बाद आगरा पुलिस अब गिरोह की अन्य गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।
एसीपी अमीषा ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरफ्तार आरोपियों ने आगरा के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। इसके लिए आरोपियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि इस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।
बहरहाल, इस घटना ने एक बार फिर भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर सक्रिय टप्पेबाजों से सतर्क रहने की जरूरत को सामने ला दिया है। साथ ही यह सवाल भी खड़ा किया है कि नशे की लत और आपराधिक प्रवृत्ति का फायदा उठाकर किस तरह नाबालिगों को अपराध की दुनिया में धकेला जा रहा है।