

आगरा में रेलवे स्टेशन के पास युवकों के बीच मारपीट
पुलिसकर्मियों के सामने चलते लात-घूंसे
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
Agra Cantt Railway Station Fight: आगरा में रेलवे स्टेशन के पास युवकों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बुधवार देर शाम आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के पास अटल चौक पर बाइक सवार युवकों के दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष सड़क पर ही एक-दूसरे से भिड़ गए। आरोप है कि मौके पर पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद भी मारपीट जारी रही। घटनास्थल से जीआरपी, आरपीएफ और थाना सदर की चौकी कुछ ही दूरी पर है। इस घटना ने रेलवे स्टेशन के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना बुधवार देर शाम की है। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के पास अटल चौक पर कुछ बाइक सवार युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के युवक सड़क पर ही एक-दूसरे से मारपीट करने लगे।
इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और आसपास के लोगों के बीच भी हलचल देखने को मिली।
घटना के दौरान किसी राहगीर ने मारपीट का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से जीआरपी, आरपीएफ और थाना सदर की चौकी कुछ ही कदमों की दूरी पर है। सूचना मिलने पर कुछ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उनकी मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे से भिड़ते रहे।
मारपीट के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग युवकों को रोकने के बजाय घटना का वीडियो बनाते रहे। किसी ने भी बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश नहीं की। इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
आगरा देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थल है। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन को शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारों में गिना जाता है। यहां उतरने के बाद पर्यटकों को शहर की जो पहली तस्वीर दिखाई देती है, उसका असर उनकी यात्रा की धारणा पर भी पड़ता है।
ऐसे में स्टेशन के पास सड़क पर युवकों के बीच मारपीट की घटना शहर की छवि को प्रभावित कर सकती है। सवाल यह भी है कि जब घटनास्थल के पास जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की चौकियां मौजूद हैं, तो सड़क पर काफी देर तक मारपीट कैसे होती रही?