

पीड़ित छात्र ने विश्वविद्यालय के कुलपति को बताया तानाशाह
छात्र का आरोप- डिग्री को गैर कानूनी एवं मनमाने ढंग से 2 वर्षों तक रोका गया
कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक का पुराना है विवादों से नाता
Allegations Against Vice Chancellor: कानपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक के खिलाफ छात्र हर्ष सोनकर ने मोर्चा खोल दिया है। हालांकि हर्ष सोनकर पिछले काफी समय से कुलपति के खिलाफ अपनी आवाज उठा रहे हैं। वहीं शुक्रवार देर शाम वह कल्याणपुर थाने पहुंचे और विश्वविद्यालय के कुलपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दे दिया।
उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति पर आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के कुलपति ने उनके ऊपर जातीसूचक टिप्पणी की है। इसके अलावा विश्वविद्यालय के कुलपति को तानाशाह बताते हुए कई छात्रों का भविष्य बर्बाद करने की बात भी लिखी है।
हर्ष सोनकर नाम के छात्र ने कल्याणपुर थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक और उनके अधीनस्थ स्टाफ द्वारा छात्र हर्ष के साथ सार्वजनिक रूप से जाति सूचक गाली गलौज और अपमान किया गया।
कुलपति को तानाशाही मानसिकता का बताते हुए गंभीर आरोप लगाया कि छात्र हर्ष सोनकर ने वर्ष 2022 में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों तथा विश्वविद्यालय की अनियमितता के विरुद्ध ठोस साक्ष्य के साथ जब लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई तो इसके बाद कुलपति उनसे रंजिश मानने लगे और वर्ष 2025 में सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र के तहत छात्र हर्ष का शैक्षणिक भविष्य नष्ट करने का कुचक्र रचा।
छात्र का आरोप है कि टॉपर होने के बावजूद उसकी डिग्री को गैर कानूनी एवं मनमाने ढंग से 2 वर्षों तक रोक कर रखा गया जिससे उसके दो साल बर्बाद हो गए। छात्र का यह भी आरोप है कि लगातार हो रहे उत्पीड़न को जब उसने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया तो अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कुलपति ने छात्र की आवाज को दबाने और डराने के आशय से छात्र पर ही मुकदमा दर्ज करवा दिया।
छात्र का कहना है कि वह गहरे मानसिक अवसाद और मनोवैज्ञानिक पीड़ा से गुजर रहा है। छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि अकेले उसका ही नहीं बल्कि कई छात्रों जिन्होंने कुलपति के खिलाफ आवाज उठाई उनका शैक्षिक जीवन कुलपति की वजह से बर्बाद हो गया।
उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में कई छात्रों के नाम का जिक्र किया है जिसमें अनुष्का गौतम ,शरद कनौजिया, अभिजीत राय, आशीष यादव, अभिषेक पटेल, अनस साहू, शिवम ठाकुर और प्रेमा देवी के नाम लिखे गए हैं। छात्र अभिजीत राय शुरुआत से ही कुलपति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते रहे हैं। अभी हाल ही में छात्रा प्रेमा देवी के समर्थन में छात्रों ने विश्वविद्यालय गेट पर धरना प्रदर्शन किया था।
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक का शुरुआत से ही विवादों से नाता रहा है।प्रोफेसर विनय कुमार पाठक ने 12 अप्रैल 2021 को कानपुर विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार ग्रहण किया था। वर्ष 2022 में आगरा के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में परीक्षा करने वाली एक निजी कंपनी के बिलों के भुगतान के एवज में कमीशन मांगने और रंगारी वसूलने का मामला सामने आया था।
लखनऊ के इन्द्रा नगर थाने में प्रोफेसर विनय पाठक और उनके कथित साथी अजय मिश्रा के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। एफआईआर दर्ज होने और यूपी एसटीएफ की जांच शुरू हुई तो विनय पाठक फरार हो गए थे। एसटीएफ उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी इस दौरान उनके बीमार होने और ईमेल भेजने जैसी खबरें भी सामने आई थी।
नवंबर 2022 में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने विनय पाठक की उस याचिका को खारिज कर दिया था जिसमें उन्होंने एफआईआर रद्द करने और गिरफ्तारी पर रोक की मांग की थी।उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए 28 दिसंबर 2022 को इसकी जांच सीबीआई को सौंपने की संस्तुति कर दी थी। जनवरी 2023 में वापस कैंपस पहुंचे थे कुलपति विनय पाठक।
विपक्ष ने भी इस मामले को भुनाने की कोशिश की थी। जिस दौरान प्रोफेसर विनय कुमार पाठक गायब थे उस दौरान यूनिवर्सिटी ने कहा था कि उन्होंने मेडिकल लीव ले रखी है जिसकी वजह से वह नहीं आ रहे हैं। ऐसे में उनके वेतन के लिए राजभवन से संस्तुति की गई थी। इस दौरान छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के पूर्व असिस्टेंट प्रोफेसर प्रमोद रंजन ने कुलपति विनय पाठक पर विश्वविद्यालय में मनमाने ढंग से भर्ती करने का भी आरोप लगाया था।
विनय पाठक का बतौर कुलपति बनने का सफर उत्तराखंड से शुरू हुआ था। वह पहली बार उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी के कुलपति बने थे, जिसके बाद वह राजस्थान की वर्धमान के महावीर ओपन यूनिवर्सिटी के कुलपति बने। वर्ष 2015 में अब्दुल कलाम आजाद टेक्निकल यूनिवर्सिटी लखनऊ (AKTU) के कुलपति का कार्य भार संभाला और इसके बाद कानपुर विश्वविद्यालय के कुलपति बने।
एकेटीयू में नियमित कुलपति के दौरान ही उन्होंने कानपुर की एचबीटीयू तथा ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार भी संभाला। कानपुर विश्वविद्यालय के कुलपति के साथ ही डॉ भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल चुके हैं।