Jaitpur Block Agra Women Protest: जैतपुर ब्लॉक परिसर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं और भारतीय किसान यूनियन सर्वोदय के जिला अध्यक्ष भानु प्रताप चौहान के बीच विवाद हो गया।
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि महिलाओं ने किसान नेता के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और उन पर चप्पलें तक फेंक दीं। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
महिलाओं का आरोप है कि ब्लॉक परिसर में किसान नेता ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक तरीके से बातचीत की। इसी बात को लेकर महिलाओं का गुस्सा भड़क गया। विरोध बढ़ा तो मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा...
वायरल वीडियो में महिलाओं का आक्रोश साफ नजर आ रहा है। महिलाएं किसान नेता का विरोध करती दिखाई दे रही हैं और इसी दौरान उन पर चप्पलें फेंकने की घटना भी सामने आई। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमले में भी हलचल तेज हो गई।
लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं- आखिर ब्लॉक परिसर में ऐसा क्या हुआ कि महिलाएं अपना आपा खो बैठीं? किसान नेता ने महिलाओं से क्या कहा या ऐसी कौन-सी हरकत की, जिसके विरोध में महिलाओं ने चप्पलें तक उठा लीं?
फिलहाल महिलाओं की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। वहीं, पूरे विवाद की वास्तविक वजह और दोनों पक्षों के आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।
बाह तहसील के जैतपुर ब्लॉक परिसर का यह मामला अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।